Vistaar NEWS

Raipur News: रेलवे स्टेशन में महिला के बैग से मिला 1.80 लाख का गांजा, महाराष्ट्र की महिला गिरफ्तार

delhi Crime News

Raipur News: रायपुर. राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डीडी नगर थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन सरोना में एक महिला को 12 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है. जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपए बताई गई है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन सरोना के प्लेटफार्म पर एक महिला बैंगनी रंग के ट्रैवल बैग में मादक पदार्थ लेकर ट्रेन का इंतजार कर रही है. सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को पकड़ा.

पूछताछ में महिला ने अपना नाम सोनाली मोटे (42 वर्ष), निवासी न्यू म्हाडा चॉल, कोकरी अगर, सायन कोलीवाड़ा, मुंबई (महाराष्ट्र) बताया. नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके बैंगनी रंग के ट्रैवल बैग से भूरे रंग के टेप में लिपटे गांजे के छह पैकेट बरामद हुए. प्रत्येक पैकेट का वजन 2 किलो, इस प्रकार कुल वजन 12 किलो पाया गया.

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में इलेक्ट्रॉनिक तराजू से गांजे का वजन कराया और करीब 1 लाख 80 हजार रुपए कीमत के मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर सीलबंद किया. आरोपी महिला गांजे के परिवहन एवं कब्जे के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी.

मामले में आरोपी महिला के विरुद्ध थाना डीडी नगर में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे अभिरक्षा में लिया गया है. पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना की जा रही है.

Exit mobile version