Vistaar NEWS

धमतरी: प्यार, शादी का वादा और फिर मौत! होटल के कमरे में मिला युवती का शव, प्रेमी गिरफ्तार

dhamtari crime news

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

धमतरी के एक होटल में 22 वर्षीय युवती की मौत के मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. कवर्धा से धमतरी आई युवती होटल के कमरे में मृत मिली थी. अब इस मामले में पुलिस ने उसके कथित प्रेमी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, युवती को शादी का भरोसा देने, बाद में शादी से इनकार करने और प्रताड़ित करने के आरोपों की जांच के दौरान आरोपी की संलिप्तता से जुड़े साक्ष्य मिले हैं.

होटल के कमरे तक कैसे पहुंची कहानी?

मामला मृतिका पिंकी मानिकपुरी (22 वर्ष), निवासी कवर्धा, जिला कबीरधाम का है. पुलिस के अनुसार, युवती और टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू के बीच प्रेम संबंध थे. आरोप है कि युवक ने उससे शादी करने का भरोसा दिया था. इसी बीच युवती को आरोपी के दूसरी लड़कियों से संबंध होने की जानकारी मिली. इस बात की सच्चाई जानने और शादी को लेकर बातचीत करने के लिए युवती 24 सितंबर को धमतरी पहुंची थी. रुद्री रोड स्थित होटल सीजी-05 के कमरा नंबर 106 में ठहरी थी.

शादी को लेकर दोनों के बीच हुई बातचीत

पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर की शाम आरोपी युवती से मिलने होटल पहुंचा. आरोप है कि शादी को लेकर दोनों के बीच बातचीत हुई, लेकिन युवक ने विवाह करने से इनकार कर दिया. इसी दौरान गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का आरोप भी लगा है. पुलिस जांच में युवती को पहले भी प्रताड़ित किए जाने की बात सामने आई है. इस विवाद के बाद युवती ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

होटल के कमरे में हुई इस घटना ने पुलिस को जांच के लिए कई अहम सवालों के बीच ला खड़ा किया. आखिर विवाद के दौरान क्या-क्या हुआ था? युवती किन परिस्थितियों से गुजर रही थी? इन पहलुओं की पड़ताल पुलिस की विवेचना का हिस्सा है.

पुलिस ने जांच की शुरू

घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर सिटी कोतवाली धमतरी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 में अपराध दर्ज किया गया. इसके बाद आरोपी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू, पिता रविराम साहू, निवासी गोकुलपुर वार्ड क्रमांक 36, धमतरी को गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

एएसपी डीसी पटेल ने बताया कि युवती की आत्महत्या के मामले में विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है. मामले की आगे जांच जारी है. फिलहाल, इस मामले में शादी का भरोसा देने, प्रताड़ना और विवाद से जुड़े आरोपों की जांच जारी है. पुलिस की जांच में सामने आने वाले तथ्य ही इस घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट करेंगे.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः हाईकोर्ट ने शिक्षक भर्ती परीक्षा पर लगाई रोक, 2292 पदों पर होनी थी नियुक्ति

Exit mobile version