धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक हैरान कर देने वाला और वायरल मामला सामने आया है. लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कुरुद क्षेत्र के नारी गांव में महानदी का जलस्तर बढ़ने से एक शराब दुकान पूरी तरह बाढ़ की चपेट में आ गई. दुकान डूबने के बाद वहां रखी शराब की बोतलें पानी में बहने लगीं, जिसके बाद इलाके में कौतूहल मच गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. (Dhamtari Mahanadi river liquor bottles viral video)
देसी जुगाड़ से बोतलों को निकालने की होड़
महानदी में आई बाढ़ और गंगरेल बांध से लगातार छोड़े जा रहे पानी के कारण नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है. बाढ़ के पानी में शराब की बोतलें बहती देख कुरुद के नारी पुल पर लोगों का तांता लग गया. स्थिति यह थी कि अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों ने नदी के तेज बहाव के बीच भी खौफ नहीं खाया.
बोतलों को पानी से बाहर निकालने के लिए लोगों ने बांस में साड़ी और जाली बांधकर एक अनोखा देसी जुगाड़ तैयार किया. इसी जुगाड़ के माध्यम से बहते पानी के बीच से शराब की बोतलें निकाली जाती नजर आईं. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. (Dhamtari Mahanadi river liquor bottles viral video)
उफान पर हैं जिले के नदी-नाले
जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है. महानदी समेत जिले के तमाम नदी-नाले उफान पर हैं. वहीं, जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए गंगरेल बांध से भी लगातार पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे निचले इलाकों में पानी का बहाव और तेज हो गया है. प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि ऐसे खतरनाक बाढ़ प्रभावित और उफनती नदियों के इलाकों से दूर रहें, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा को ताक पर रखकर लोग जोखिम उठाते नजर आ रहे हैं.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः CG बारिश का कहर: शंकरी नदी में बहा प्रधानमंत्री आवास, Video वायरल
