Vistaar NEWS

Dhamtari News: नशीली गोलियों का बड़ा कारोबार, दो सप्लायर गिरफ्तार

Dhamtari News: सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध नशीली दवाइयों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीली 590 गोलियां, दो मोबाइल फोन और दो दोपहिया वाहन समेत कुल 69,720 रुपए का सामान जब्त किया है. मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है.

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस स्टैंड धमतरी के पास एक युवक प्रतिबंधित नशीली गोलियां बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है. सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया. पूछताछ में उसकी पहचान प्रियांशु महावर (21), निवासी जालमपुर वार्ड, धमतरी के रूप में हुई.

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से नशीली गोलियों की 22 स्ट्रिप में कुल 220 गोलियां बरामद हुईं. इसके अलावा एक मोटोरोला 5जी मोबाइल और काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई. बरामद सामान की कुल कीमत 36,760 रुपये बताई गई है.

पुलिस पूछताछ में मिली और जानकारी

पुलिस पूछताछ में प्रियांशु से मिली जानकारी के आधार पर दूसरे आरोपी की तलाश की गई. पुलिस टीम रायपुर पहुंची और शुभम के मार्ट, धमतरी रोड के पास नवेश सैय्याम (30), निवासी बालाघाट, मध्यप्रदेश, हाल निवासी रायपुर को पकड़ा.

नवेश की एक्टिवा की डिक्की की तलाशी में 37 स्ट्रिप में कुल 370 गोलियां बरामद हुईं. इसके साथ एक रियलमी 5जी मोबाइल और एक्टिवा जब्त की गई. इस बरामदगी की कुल कीमत 32,960 रुपये बताई गई है.

इस तरह दोनों आरोपियों से कुल 590 नशीली गोलियां बरामद हुईं. पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी इन प्रतिबंधित गोलियों को नशा करने वाले लोगों को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे. बरामद दवाइयों की स्ट्रिप पर चिकित्सकीय पर्चे के बिना बिक्री नहीं करने की चेतावनी अंकित थी.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः महतारी वंदन योजना में फर्जीवाड़ा, अब इन-इन लोगों से होगी वसूली

Exit mobile version