Vistaar NEWS

Dhamtari: ’25 लाख दो..’, बहू की मांग से परेशान युवक ने की आत्महत्या, पिता ने की जांच की मांग

dhamtari

धमतरी

Dhamtari: धमतरी शहर से लगे रत्नाबांधा गांव से एक युवक की आत्महत्या का मामला सामने आया है. युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी. घटना के बाद मृतक के पिता ने अपनी बहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पिता का कहना है कि शादी के बाद से ही बहू और बेटे के बीच विवाद चल रहा था और कथित तौर पर 25 लाख रुपये की मांग को लेकर उसका बेटा काफी परेशान था.

करीब 9 महीने से पत्नी के मायके में रहने के बाद युवक ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया. अब मृतक के पिता ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है.

यह है पूरा मामला

दरअसल, मामला धमतरी के कोतवाली थाना क्षेत्र के रत्नाबांधा गांव का है. यहां रहने वाले मंगलू राम देवांगन के इकलौते बेटे जयप्रकाश देवांगन की शादी करीब 4 साल पहले हुई थी. मृतक के पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था. उनकी बहू बार-बार मायके चली जाती थी और कथित तौर पर पति से तलाक की मांग करती थी. पिता का आरोप है कि दोबारा साथ रहने के लिए करीब 25 लाख रुपये की मांग की जाती थी.

उन्होंने बताया कि बहू पिछले करीब 9 महीनों से अपने मायके में रह रही थी. इस दौरान जब जयप्रकाश उसे लेने जाता था, तो कथित तौर पर उससे पैसों की मांग की जाती थी और धमतरी क्षेत्र में नहीं रहने की बात भी कही जाती थी. मृतक के पिता के मुताबिक, इन परिस्थितियों को लेकर उनका बेटा काफी परेशान रहने लगा था. इसी बीच उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

परिवार ने जांच की मांग की

बेटे की मौत के बाद परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. वहीं देवांगन समाज के पदाधिकारी ने भी मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है. इधर पुलिस का कहना है कि मामले में परिजनों के बयान लिए जाएंगे. जांच के दौरान यदि प्रताड़ना या किसी तरह की आपराधिक भूमिका सामने आती है, तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी.

टॉयलेट सीट के ठीक सामने.. New Delhi Sweets में बाथरूम के अंदर धुलते दिखे बर्तन! ग्राहक ने पकड़ा

Exit mobile version