ED-IT Raid in Balodabazar: बलौदाबाजार जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग (IT) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कारोबारी राजकुमार सराफ के निवास पर दबिश दी है.
जानकारी के अनुसार, ED और IT के अधिकारी सुबह से ही कारोबारी के घर पर मौजूद हैं और दस्तावेजों की जांच के साथ आवश्यक पूछताछ कर रहे हैं. फिलहाल कार्रवाई जारी है. छापेमारी के दौरान अधिकारी घर के हर कमरे की बारीकी से जांच कर रहे हैं. कई दस्तावेज खंगाले गए, जिनमें डायरी, बैंक खातों के विवरण, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड शामिल हैं. परिवार के सदस्यों और कारोबार से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
बड़े कारोबारी थे राजकुमार सराफ
राजकुमार सराफ शहर के जाने-माने कारोबारी थे. उनके कई व्यापारिक प्रतिष्ठान हैं. राजकुमार के निधन के बाद उनके बेटे राघवेंद्र सराफ और रूपेश सराफ कारोबार चला रहे हैं.
अधिकारियों को बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं की आशंका है, जिसके चलते यह कार्रवाई की जा रही है. शनिवार को ED की टीम को कुछ अहम दस्तावेज मिले थे, जिनके आधार पर IT विभाग ने फिर अतिरिक्त कार्रवाई शुरू की है.
मौके पर पुलिस भी तैनात
इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में काफी चर्चा है. कारोबारी के घर के बाहर अधिकारियों के साथ पुलिस जवान भी तैनात है. आसपास के लोग दूर से ही घटनाक्रम को देख रहे थे. फिलहाल, जांच जारी है और टीम पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही है.
