ICC कमांड की तीसरी आंख से धान खरीदी पर कड़ी निगरानी, 40 हजार क्विंटल से अधिक धान जब्त
रायपुर. छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित बनाने के लिए राज्य शासन द्वारा स्थापित आईसीसी कमांड (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था के माध्यम से प्रदेशभर के धान खरीदी केंद्रों और संबंधित गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. इसका उद्देश्य वास्तविक किसानों से धान खरीदी सुनिश्चित करने के साथ अवैध परिवहन, अनधिकृत भंडारण तथा बिचौलियों के माध्यम से धान विक्रय जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है.
ICC कमांड की 23 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में निगरानी के दौरान कुल 1,362 अलर्ट दर्ज किए गए, जिनमें से 122 अलर्ट का निराकरण किया जा चुका है. वहीं, प्रदेश में धान जब्ती की कार्रवाई के तहत कुल 40,453 क्विंटल धान जब्त किया गया है. रिपोर्ट में 8 मिलों का भौतिक सत्यापन भी दर्ज है. ये आंकड़े धान खरीदी व्यवस्था की निगरानी और अनियमितताओं पर कार्रवाई के लिए शासन की सक्रियता को दर्शाते हैं.
जशपुर में सर्वाधिक धान जब्ती, महासमुंद और दुर्ग भी अग्रणी
जिला स्तर पर धान जब्ती की कार्रवाई में जशपुर जिला 12,103 क्विंटल धान की जब्ती की गई है. महासमुंद में 6,150 क्विंटल और दुर्ग में 4,975 क्विंटल धान जब्त किया गया है. इसके अलावा बलरामपुर में 2,982 क्विंटल, राजनांदगांव में 2,798 क्विंटल, रायगढ़ में 2,528 क्विंटल और कांकेर में 1,676 क्विंटल धान की जब्ती दर्ज की गई है. प्रदेश के विभिन्न जिलों में की गई यह कार्रवाई धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर नियंत्रण के लिए प्रशासनिक सतर्कता को प्रदर्शित करती है.
अलर्ट आधारित निगरानी से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर
ICC कमांड द्वारा जारी अलर्ट के माध्यम से जिलों में धान खरीदी से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी की जा रही है. रिपोर्ट के अनुसार कांकेर में सर्वाधिक 186 अलर्ट दर्ज किए गए. राजनांदगांव में 146, बिलासपुर में 140, बेमेतरा में 119, कवर्धा में 107 और सूरजपुर में 100 अलर्ट दर्ज हुए हैं. बालोद में 89 अलर्ट में से 42, बलरामपुर में 76 में से 54, महासमुंद में 26 में से 20 और रायपुर में 6 में से 2 अलर्ट का निराकरण किया गया है. कोरिया जिले में दर्ज तीनों अलर्ट का निराकरण किया जा चुका है.
इस निगरानी व्यवस्था से अवैध रूप से धान लाकर खपाने, अनधिकृत भंडारण करने तथा बिचौलियों द्वारा वास्तविक किसानों के नाम पर धान विक्रय करने की आशंका वाली गतिविधियों पर नजर रखने में सहायता मिल रही है. शासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का लाभ वास्तविक पंजीकृत किसानों को ही मिले और कोई भी व्यक्ति इस व्यवस्था का अनुचित लाभ न उठा सके.
किसानों की सुविधा के साथ खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता पर जोर
26 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार धान खरीदी के 9वें दिन तक प्रदेश में 28.07 लाख पंजीकृत किसानों में से 91 हजार 746 किसानों ने धान विक्रय किया है. इस दौरान कुल 4,43,888 मीट्रिक टन धान की खरीदी दर्ज की गई.
राज्य शासन की यह व्यवस्था तकनीक और प्रशासनिक समन्वय के माध्यम से धान खरीदी को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. आईसीसी कमांड के जरिए अलर्ट की निगरानी, धान जब्ती की कार्रवाई और जिलों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है. इससे एक ओर वास्तविक किसानों के हितों की रक्षा हो रही है, वहीं दूसरी ओर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था का दुरुपयोग करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई को मजबूती मिल रही है.


