80th Independence Day: आज देशभर में 80वां स्वतंत्रत दिवस मनाया जा रहा है. वहीं छत्तीसगढ़ में भी स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम सुबह से शुरू हो गए हैं. इस मौके पर सीएम विष्णु देव साय ने रायपुर के परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण किया. इसके बाद में परेड की सलामी ली. इस मौके पर सीएम साय ने पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया.
सीएम ने स्वतंत्रत दिवस पर फहराया तिरंगा
CM विष्णु देव साय ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस मां भारती की वंदना, हमारे गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेने और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने का पावन अवसर है.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साहसिक नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प से नक्सलवाद के विरुद्ध ऐतिहासिक सफलता मिली है. माओवाद से मुक्त बस्तर में आज तिरंगा यात्राओं के माध्यम से स्वतंत्रता का उत्सव मनाया जा रहा है। जो क्षेत्र कभी हिंसा और भय से प्रभावित थे, वहां आज शांति, विश्वास और विकास की नई सुबह हुई है। उन्होंने कहा कि बस्तर की सर्वांगीण प्रगति डबल इंजन सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है। जगदलपुर में राष्ट्रीय स्तर की मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक का आयोजन बदलते बस्तर की नई पहचान का प्रतीक है। अब बस्तर के नवनिर्माण का स्वर्णिम समय है.
CM साय ने रामावतार राजपूत को दिया राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक का सम्मान
वहीं स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदक और अलंकरण प्रदान कर सम्मानित किया. इस दौरान रामवतार सिंह राजपूत, सहायक उपनिरीक्षक, धमतरी को राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया. वहीं, भारतीय पुलिस पदक से 10 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया. इनमें श्वेता सिन्हा, निवेदिता पॉल और तारकेश्वर पटेल समेत अन्य पुलिस अधिकारी शामिल हैं.
तारकेश्वर पटेल, रायपुर पुलिस के उपायुक्त जोन मध्य, को भी भारतीय पुलिस पदक से सम्मानित किया गया. मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित पुलिस अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना की.
ये भी पढ़ें- Live: ‘माओवाद से मुक्त होकर बस्तर के हर कोने में आजादी का उत्सव मना रहे लोग…’, बोले सीएम साय
