Mahasamund: जिले में वन विभाग के अमले पर जानलेवा हमले की बड़ी घटना सामने आई है. बागबाहरा वन परिक्षेत्र में जंगल की सुरक्षा करने गए 6 वन कर्मियों को अतिक्रमणकारियों ने बंधक बनाकर जमकर पीटा है. घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है.
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक घटना बागबाहरा वन परिक्षेत्र के तमोरा ग्राम के कक्ष क्रमांक 95 और 96 की है. बीती रात वन विभाग को सूचना मिली थी कि जंगल में जंगली सूअर का शिकार किया जा रहा है. सूचना पर रेंजर नवीन वर्मा, आमाकोनी के डिप्टी रेंजर नवीन शर्मा, वन रक्षक और चौकीदार राकेश ध्रुव सहित 6 लोगों की टीम रात में ही मौके पर निरीक्षण के लिए पहुंची थी.
40 से 50 लोगों ने किया हमला
बताया जा रहा है कि टीम जैसे ही जंगल में पहुंची, वहां पहले से मौजूद 40 से 50 महिला-पुरुषों ने जो वन भूमि पर अतिक्रमण कर रह रहे हैं, टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. हमलावरों ने रेंजर नवीन वर्मा, डिप्टी रेंजर नवीन शर्मा और चौकीदार राकेश ध्रुव को घेर लिया और करीब 6 घंटे तक जंगल में ही बंधक बनाए रखा. इस दौरान उनके साथ लगातार गाली-गलौज और मारपीट की गई.
पुलिस की टीम मौके पर पहुंची
किसी तरह बंधक बने अधिकारियों ने अपने मोबाइल से वन विभाग के उच्च अधिकारियों और पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही रात में ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बंधकों को छुड़ाया गया. सभी घायल वन कर्मियों को रात में ही अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया.
सूत्रों के मुताबिक हमला करने वाले सभी लोग वन भूमि पर अतिक्रमणकारी हैं, जो वन विभाग की कार्रवाई से नाराज थे. इसी वजह से उन्होंने टीम पर हमला किया. घटना के बाद से इलाके में तनाव की स्थिति है. पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की पहचान की जा रही है.वन कर्मचारियों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है.
