खैरागढ़ में 1500 किलो संदिग्ध एनालॉग पनीर नष्ट, भोपाल से रायपुर भेजी जा रही थी खेप
खैरागढ़ में 1500 किलो संदिग्ध एनालॉग पनीर नष्ट
Khairagarh News: दीपावली जा चुकी है लेकिन त्योहारों के बाद भी बाजार में मिलावटी खाद्य सामग्री पहुंचाने का खेल थम नहीं रहा है. बीते दिन छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी मात्रा में संदेहास्पद पनीर बरामद हुआ है. यह खेप मध्यप्रदेश की राजधानी से छत्तीसगढ़ की राजधानी की ओर भेजी जा रही थी, जिसे बीच रास्ते में ही रोक लिया गया.
यह है पूरा मामला
दरअसल, गुरुवार की शाम साल्हेवारा इलाके में पुलिस की टीम वाहनों की सामान्य जांच कर रही थी. इसी दौरान एक पिकअप वाहन को देखकर जवानों को शक हुआ. वाहन को रुकवाकर पूछा गया तो चालक ने बताया कि पिकअप में पनीर लदी हुआ है. फिर गाड़ी की तलाश ली गई. जांच में पाया गया कि अंदर कार्टून ही कार्टून रखने को मिले. गिनती करने पर कुल 30 कार्टून निकले.
भोपाल से रायपुर लाया गया पनीर
प्रत्येक कार्टून का वजन करीब 50 किलो बताया गया. इस हिसाब से पूरी खेप का वजन करीब डेढ़ टन के आसपास बैठता है. इतनी बड़ी मात्रा में बिना किसी पुख्ता कागज के पनीर ले जाए जाने पर पुलिस ने तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को बुलाया. चालक ने पूछताछ में बताया कि उसने यह माल भोपाल के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र से उठाया था. उसे रायपुर के भाठागांव इलाके में एक दुकानदार के पास पहुंचाना था. लेकिन जब अधिकारियों ने उससे पनीर की गुणवत्ता, बिल, लाइसेंस और अन्य जरूरी कागजात मांगे तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया.
1500 किलो संदिग्ध एनालॉग पनीर नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने मौके पर ही पनीर की बनावट, रंग और गंध की जांच की. शुरुआती तौर पर उन्हें यह पनीर सामान्य पनीर जैसा नहीं लगा. जिसके बाद विभाग द्वारा 1500 किलो संदिग्ध एनालॉग पनीर नष्ट किया गया. पुलिस ने वाहन को भी अपने कब्जे में लिया है.



