CG News: छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में राज्य सरकार की ओर से प्रक्रिया शुरू किए जाने के बीच रायपुर में मुस्लिम समाज की एक अहम बैठक आयोजित की जा रही है. बैठक का उद्देश्य UCC को लेकर समाज के लोगों से सुझाव और विचार जुटाकर राज्य स्तरीय समिति तक पहुंचाना है. छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने बताया कि बैठक में समाज के बुद्धिजीवी, नागरिक और अन्य प्रबुद्ध लोग शामिल होकर अपने सुझाव रखेंगे.
गुरु घासीदास ऑडिटोरियम में होगी बैठक
बैठक 1 सितंबर 2026, मंगलवार को कलेक्ट्रेट चौक स्थित गुरु घासीदास ऑडिटोरियम में होगी. यह स्थान छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के कार्यालय के सामने स्थित है. कार्यक्रम को लेकर लोगों तक जानकारी पहुंचाने के लिए रायपुर की विभिन्न मस्जिदों में जुमा की नमाज के दौरान ऐलान भी कराया गया है. आयोजकों का कहना है कि ज्यादा से ज्यादा लोग बैठक में पहुंचकर अपने विचार साझा करें.
लिखित सुझाव लाने की अपील
बैठक में शामिल होने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे समान नागरिक संहिता से जुड़े अपने सुझाव लिखित रूप में लेकर आएं. सुझाव पत्र ‘अध्यक्ष, समान नागरिक संहिता समिति, छत्तीसगढ़’ के नाम संबोधित होना चाहिए. इसके साथ ही पत्र की दो प्रतियां जमा करनी होंगी.
शहर काजी और वरिष्ठ अधिवक्ता होंगे मौजूद
कार्यक्रम में शहर काजी जनाब कारी डॉ. मोहम्मद इमरान अशरफी मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे. वहीं, वरिष्ठ अधिवक्ता जनाब फैसल रिजवी बैठक की अध्यक्षता करेंगे. बैठक के दौरान समाज के लोगों की ओर से दिए गए लिखित सुझावों को एकत्रित कर संकलित किया जाएगा.
शाम 4 बजे समिति को सौंपा जाएगा ज्ञापन
आयोजकों के मुताबिक, सभी सुझावों को संकलित करने के बाद शाम 4 बजे मुस्लिम समाज का प्रतिनिधिमंडल समान नागरिक संहिता समिति, छत्तीसगढ़ के सदस्यों से मुलाकात करेगा. इस दौरान समाज की ओर से तैयार किए गए सुझावों और ज्ञापन को समिति के समक्ष व्यक्तिगत रूप से सौंपा जाएगा.
