Vistaar NEWS

CG News: आगामी सत्र में विधानसभा में मचेगा सियासी घमासान, जनता के मुद्दों पर आर-पार के मूड में कांग्रेस, भूपेश बघेल का बड़ा संकेत

CG monsoon session

कांग्रेस नेता भूपेश बघेल

CG News: छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा सत्र से पहले सियासी पारा चढ़ने लगा है. पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने साफ संकेत दिए हैं कि इस बार कांग्रेस सदन के भीतर सरकार को जनता से जुड़े मुद्दों पर घेरने की पूरी तैयारी में है. भिलाई-3 स्थित अपने निवास में मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह विधानसभा सत्र बेहद धमाकेदार रहने वाला है.

भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश में मानसून की अनिश्चितता के बीच किसान कई परेशानियों से जूझ रहे हैं. खेतों के लिए जरूरी खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं. किसानों को महंगे दाम पर घटिया गुणवत्ता के कृषि सामग्री मिलने का आरोप लगाते हुए उन्होंने सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाए.उन्होंने बिजली कटौती और बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी को भी बड़ा मुद्दा बताया. बघेल ने दावा किया कि सरकार के कार्यकाल में कई बार बिजली की दरें बढ़ाई गई हैं, जिससे आम लोगों की जेब पर असर पड़ा है.

आम नागरिकों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं-भूपेश बघेल

उन्होंने कहा कि पहले जहां लोगों के बिजली बिल कम आते थे, वहीं अब कई परिवारों को ज्यादा बिल का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में सरकार द्वारा राहत देने के दावों की सच्चाई जनता के सामने आ रही है. इसके साथ ही पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा और कहा कि महंगाई से आम नागरिकों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं.

जनता को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है-भूपेश बघेल

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भले ही सुशासन का दावा कर रही हो, लेकिन जमीनी स्तर पर जनता को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में आने वाले विधानसभा सत्र में कांग्रेस इन सभी मुद्दों को मजबूती से उठाएगी. भूपेश बघेल के इस बयान से साफ है कि आगामी सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और राजनीतिक टकराव देखने को मिल सकता है.

ये भी पढ़ें: स्कूल चले हम! छत्तीसगढ़ में आज से शाला प्रवेश शुरू, बच्चों को यूनिफॉर्म-किताबें और साइकिल दी जाएंगी

Exit mobile version