Raipur Protest: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बुधवार (22 जुलाई) को कांग्रेस दफ्तर के बाहर भारतीय जनता पार्टी ने विरोध प्रदर्शन किया. पीसीसी ऑफिस का घेराव करने के लिए बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता पहुंचे. इस प्रदर्शन में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, महिला एवं विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और धरसीवां से विधायक अनुज शर्मा पहुंचे.
पुलिस बल तैनात, वाटर कैनन का हुआ इस्तेमाल
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने कांग्रेस ऑफिस के आस पास बैरिकेडिंग की थी. जानकारी के मुताबिक 200 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था. कांग्रेस दफ्तर पहुंचे बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और बैरिकेड के पार जाने की कोशिश की. इस प्रदर्शन में युवा और महिला मोर्चा के कार्यकर्ता भी पहुंचे.
इस दौरान बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में झड़प भी हो गई. दोनों पक्षों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बीच बचाव किया. प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया.
‘कांग्रेस संविधान की हत्या कर रही है’
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं में बड़ा आक्रोश है. कांग्रेस और उनके नेता पर के मन के हिसाब से देश नहीं चलेगा. पूरे देश में अराजकता फैलाओगे. ऐसा बिल्कुल नहीं चलेगा. अब इनकी मनमानी नहीं चलेगी. उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस संविधान की हत्या कर रही है.
ये भी पढ़ें: CM साय की कैबिनेट बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर, अग्निवीर सैनिकों के लिए हुआ बड़ा ऐलान
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि जिस तरह कांग्रेस छात्रों के मुद्दों का राजनीतिकरण कर रही है, हम उसके खिलाफ हैं. युवाओं का मुद्दा और नीट पेपर लीक का मामला अत्यंत महत्वपूर्ण मामला है. भारत सरकार संज्ञान ले रही है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है.
कांग्रेस ने लोक भवन के सामने प्रदर्शन किया
दरअसल, दिल्ली में स्थित पीएम आवास के बाहर मंगलवार (21 जुलाई) को लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं ने प्रदर्शन किया. इसके बाद उन्हें डिटेन करके छत्रसाल स्टेडियम में रख गया. यहां से उन्हें देर छोड़ दिया गया. 20 जुलाई को छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया था. इसके साथ ही राहुल गांधी ने अलग-अलग राज्यों से लोगों से जुड़े की अपील की थी. इसके बाद रायपुर में भी लोकभवन के पास कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन किया था.
