Vistaar NEWS

रायपुर के बड़े कारोबारी की ताज होटल में मिली लाश, कमरे में मिली शराब और दवाइयां

raipur-businessman-deepak-mittal-found-dead-taj-hotel-chandigarh-sector-17

रायपुर. चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी कारोबारी दीपक मित्तल का शव मिलने से हड़कंप मच गया. 21 अक्टूबर को होटल के कमरे में वह बेसुध हालत में मिले थे. उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद चंडीगढ़ पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. (Raipur Businessman Deepak Mittal Taj Hotel Death) 

जानकारी के अनुसार, दीपक मित्तल करीब दो दिन पहले होटल में ठहरे थे. बुधवार को होटल का वेटर उनके कमरे में पहुंचा तो वह बेसुध मिले. इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-16 स्थित सरकारी मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल के शवगृह में रखवाया है. (Raipur Businessman Deepak Mittal Taj Hotel Death) 

कमरे में शराब और दवाइयां मिलीं

पुलिस की शुरुआती जांच में होटल के कमरे से शराब और कुछ दवाइयां मिलने की जानकारी सामने आई है. आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक शराब के सेवन या दवाइयों की अधिक मात्रा लेने से उनकी मौत हुई हो सकती है. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी. शुरुआती जांच में शरीर पर किसी स्पष्ट चोट या बाहरी हस्तक्षेप के संकेत नहीं मिलने की बात भी सामने आई है.

मार्कफेड की बैठक में शामिल होने आए थे चंडीगढ़

दीपक मित्तल की पहचान पंजाब सरकार की राशन किट आपूर्ति से जुड़े बड़े ठेकेदार के रूप में बताई जा रही है. उनकी चावल मिलें भी हैं. बताया जा रहा है कि चंडीगढ़ में मार्कफेड की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने वाली थी, जिसमें शामिल होने के लिए वह यहां पहुंचे थे.

हर पहलू से जांच कर रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-17 थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने होटल के कमरे की जांच की. कारोबारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है. कुछ शुरुआती खबरों में एक युवती के कारोबारी के कमरे में आने की बात कही गई थी, हालांकि पुलिस ने किसी युवती को हिरासत में लेने और मामले में उसकी भूमिका होने की बात से इनकार किया है.

Exit mobile version