CG News: शोएब ढेबर से सांठगांठ आरोप में इंस्पेक्टर विनीत दुबे निलंबित, पुलिस महकमे में हड़कंप
शोएब ढेबर
Inspector Vineet Dubey Suspended: छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग से जुड़ी इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है. कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ की रंगदारी मामले में फरार आरोपी शोएब ढेबर से कथित सांठगांठ के आरोप में पुलिस निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है. जी हां, निलंबन का आदेश बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा ने जारी किया है. यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉक्टर संजीव शुक्ला के प्रतिवेदन के आधार पर की गई है.

जानकारी लीक करने का आरोप
पूरा मामला तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 से जुड़ा हुआ है. यह केस कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने के मामले से संबंधित बताया जा रहा है.इसी मामले में आरोपी शोएब ढेबर फरार है. पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन वह हर बार बच निकल रहा था. आरोप है कि शोएब ढेबर की गिरफ्तारी को लेकर बनाई गई गोपनीय योजना की जानकारी लीक हो गई थी. खम्हारडीह इलाके में पुलिस की दबिश से ठीक पहले शोएब वहां से फरार हो गया था. इसके बाद से ही पुलिस के अंदर यह सवाल उठ रहा था कि आखिर गोपनीय जानकारी बाहर कैसे पहुंची.
इंस्पेक्टर विनीत दुबे की भूमिका संदिग्ध पाई गई
जांच में इंस्पेक्टर विनीत दुबे की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद उन्हें निलंबित करने का फैसला लिया गया।इस मामले में यह पहली कार्रवाई नहीं है. इससे पहले एसीसीयू में तैनात आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी निलंबित किया जा चुका है. दोनों पर भी इसी तरह के आरोप लगे थे. लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है.निलंबन अवधि के दौरान इंस्पेक्टर विनीत दुबे का मुख्यालय रक्षित केंद्र नारायणपुर निर्धारित किया गया है. निलंबन के दौरान उन्हें मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं. इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है.
यह है पूरा मामला
14 सितंबर को कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को वॉट्सएप के जरिए विदेशी नंबर से धमकी दी गई थी. आनंद कुकरेजा को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर फोन कर 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी.जांच में शोएब ढेबर की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था. लेकिन जमानत मिलने पर उसे छोड़ दिया गया.इसके बाद पुलिस ने दोबारा कोर्ट से उसकी गिरफ्तारी की अनुमति ली. तब से शोएब ढेबर फरार है.



