Vistaar NEWS

रायपुर की डॉक्टर को Marriott में बुक कराना था कमरा, फिर ऐसे हुई साइबर ठगी का शिकार…

CG News

Doctor(File Image)

रायपुर. राजधानी में साइबर ठग ने होटल की ऑनलाइन बुकिंग और मेंबरशिप का झांसा देकर एक महिला डाक्टर से 96,689 रुपये की ठगी की है. ठग ने खुद को Marriott होटल का कर्मचारी बताते हुए सस्ते में कमरा बुक कराने और मेंबरशिप कार्ड दिलाने का लालच दिया.

इसके बाद, भुगतान और रिफंड की प्रक्रिया के नाम पर महिला से ओटीपी हासिल कर उसके क्रेडिट कार्ड से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन कराए. जब बैंक के मैसेज आए, तब ठगी का पता चला. पीड़िता की शिकायत पर विधानसभा पुलिस ने मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है.

पुलिस के अनुसार, वीआईपी सिटी सड्डू निवासी डॉ. सोनल अग्रवाल को 28 और 29 अगस्त के लिए मैरियट होटल में कमरा बुक कराना था. इसके लिए उन्होंने 27 अगस्त को गूगल से होटल का नंबर निकालकर संपर्क किया. कुछ देर बाद, उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने अपना नाम निशांत अग्रवाल बताया और कहा कि वह मैरियट होटल का कर्मचारी है.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Stone-Pelting in Bilaspur Clash: मुख्य आरोपी सुहैल खान समेत 5 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार… जुलूस निकालने की तैयारी

आरोपित ने डाक्टर को बताया कि होटल का मेंबरशिप कार्ड लेने पर उन्हें कम दर पर कमरा उपलब्ध कराया जाएगा. इसके बाद उसने बुकिंग के नाम पर 4,400 रुपये का क्यूआर कोड भेजा. पीड़िता ने भुगतान में परेशानी बताई तो आरोपित ने एक यूपीआई आईडी भेजकर रकम जमा करने को कहा.

भुगतान के बाद, आरोपित ने रिफंड के नाम पर ओटीपी मांगना शुरू कर दिया. महिला ने ओटीपी देने पर संदेह जताया, लेकिन आरोपित ने भरोसा दिलाया कि ओटीपी केवल मेंबरशिप कार्ड की प्रक्रिया के लिए है. इसके बाद उसने दो और ओटीपी मांगे. कुछ देर बाद, बैंक का संदेश मिलने पर महिला को पता चला कि उनके क्रेडिट कार्ड से बड़ी रकम कट चुकी है.

जांच करने पर तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 96,689 रुपये की ठगी सामने आई. ठगी का पता चलने के बाद पीड़िता ने आरोपित को फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव करना बंद कर दिया.

Exit mobile version