Raipur News: रायपुर. टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर गंभीर मारपीट और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं. पीड़िता आयशा अंजुम का आरोप है कि उसके पति अहमद कुरैशी ने उसे दूसरी महिला नूरजहां के घर बुलाया, जहां दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की. महिला ने पति पर उसके मुंह में फिनाइल डालने का भी आरोप लगाया है.
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी नवंबर 2020 में अहमद कुरैशी से हुई थी. वर्ष 2022 में बेटे के जन्म के बाद से पति कथित तौर पर नूरजहां के घर रहने लगा. आयशा का आरोप है कि पति छोटी-छोटी बातों को लेकर आए दिन उसके साथ मारपीट करता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था. इतना ही नहीं, वह आयशा के नाम पर 50 हजार रुपये का लोन लेने के लिए भी दबाव बनाता था.
रात में फोन कर दूसरी महिला के घर बुलाया
आयशा के मुताबिक 21 अगस्त की रात करीब 10:45 बजे उसके पति अहमद ने फोन कर उसे नूरजहां के घर बुलाया. वहां पहुंचने के बाद आयशा ने पति से घर चलने के लिए कहा. आरोप है कि इसके बाद अहमद और नूरजहां ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट की. इसी दौरान पति द्वारा उसके मुंह में फिनाइल डालने का भी आरोप है.
रातभर कमरे में रखा बंद
पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद पति उसे संजयनगर स्थित घर ले गया और रातभर एक कमरे में बंद रखा. सुबह पति के बाथरूम जाने के बाद आयशा ने किसी तरह अपने भाई को फोन कर बुलाया. भाई मौके पर पहुंचा और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पंडरी में भर्ती कराया. महिला ने मामले की शिकायत पुलिस से की है. पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है. घटना के संबंध में मेडिकल रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
