रायपुर. राजधानी के पॉश इलाके मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर में हुई 2 करोड़ रुपए की सनसनीखेज चोरी की गुत्थी रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सुलझा ली है. 25 दिनों की लगातार मशक्कत, 4 राज्यों में छापेमारी, 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और 1100 मोबाइल टावरों के डेटा खंगालने के बाद पुलिस ने अंतर्राज्यीय कंजर गिरोह के सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से 1.50 करोड़ रुपए कीमत के 125 नग आईफोन बरामद कर लिए गए हैं, जबकि गिरोह का मुख्य खरीदार विदेश भागने से ठीक पहले मुंबई एयरपोर्ट के पास से दबोचा गया. बता दें कि विस्तार न्यूज ने दो दिनों पहले ही ये खुलासा किया था कि इस पूरे मामले में कंजर गिरोह का हाथ है और पुलिस जल्द पूरे मामले का खुलासा कर सकती है.
दो दिन पहले बताया था विस्तार न्यूज ने : Raipur Crime News: एप्पल स्टोर से 1.89 करोड़ के मोबाइल कंजर गिरोह ने उड़ाए थे, एक गिरफ्तार
8 मिनट में साफ कर दिया था 2 करोड़ का माल
घटना 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरम्यानी रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित ‘आई नेक्स्ट इनोवेशन प्रा.लि.’ (एप्पल स्टोर) में हुई थी. स्टोर संचालक ऋषभ डागा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर शटर उठाकर भीतर घुसे और 2 करोड़ रुपए कीमत के 173 नग एप्पल आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन व एयरपॉड पार कर ले गए. शातिर चोर सबूत मिटाने के लिए दुकान में लगा सीसीटीवी का डीवीआर (DVR) भी उखाड़ ले गए थे. पुलिस ने अपराध क्रमांक 487/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
दिवाली की छुट्टियों में भी डटी रहीं 6 विशेष टीमें
शहर के हृदय स्थल मरीन ड्राइव पर हुई इस बड़ी वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम काम्बले के निर्देशन में जांच की कमान संभाली. डीसीपी (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला, डीसीपी (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल और डीसीपी (वेस्ट जोन) रॉबिन्सन गुरिया के पर्यवेक्षण में एसीसीयू और थाना तेलीबांधा की 40 से अधिक सदस्यों वाली 6 विशेष टीमें गठित की गईं. दिवाली जैसे बड़े त्योहार के दौरान भी पुलिस की टीमें दूसरे राज्यों में कैंप कर आरोपियों का पीछा करती रहीं.
250 किमी पीछा और एक लावारिस बाइक ने खोला राज
वारदात स्थल से डीवीआर गायब होने और आसपास के कैमरों की क्वालिटी धुंधली होने से पुलिस को शुरुआती दौर में भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ा. बारीकी से जांच करने पर रात 2:37 बजे एक दोपहिया वाहन पर तीन संदिग्ध स्टोर के पास दिखे, जो महज 8 मिनट के भीतर रात 2:45 बजे वारदात को अंजाम देकर निकल गए.
टीम ने इन संदिग्धों का पीछा करते हुए करीब 250 किलोमीटर दूर नागपुर से पहले मौधा (महाराष्ट्र) तक के 1000 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले. मौधा के बाद फुटेज मिलना बंद हो गए.
मौधा में कैंप कर रही टीम को पता चला कि कुल्हान नदी के किनारे एक बिना नंबर की लावारिस बाइक मिली है, जिसके इंजन और चेसिस नंबर घिस दिए गए थे. जांच में पुष्टि हुई कि यह बाइक 25 अक्टूबर को रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र से ही चोरी हुई थी. इससे पुलिस को यकीन हो गया कि वे सही गिरोह का पीछा कर रहे हैं.
1100 से अधिक सेल आईडी टावर और 10 लाख से ज्यादा मोबाइल नंबरों के विश्लेषण के साथ-साथ पुलिस ने ऑल इंडिया डेटाबेस खंगाला. इसमें पता चला कि 2024 में जयपुर (राजस्थान) के एप्पल स्टोर में भी इसी अंदाज में चोरी हुई थी, जिसे मध्यप्रदेश के देवास-इंदौर के कंजर गिरोह ने अंजाम दिया था.
ऐसे रची थी रेकी और चोरी की ‘हाई-टेक’ साजिश
देवास पुलिस के सहयोग से टीम ने गिरोह के सरगना राजेश अजय सिंह झाला (43) निवासी टोंककला, थाना टोंकखुर्द जिला देवास (मप्र) को हिरासत में लिया. उस पर मध्यप्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं. सख्ती से पूछताछ में उसने अपने बेटे राज झाला और गांव के साथी राजेश लोधी के साथ वारदात करना स्वीकार किया.
बिना मोबाइल निकलते थे वारदात पर
गिरोह इतना शातिर था कि घर से निकलते वक्त सभी सदस्य अपने मोबाइल फोन घर पर ही बंद कर छोड़ देते थे, ताकि टावर लोकेशन से पुलिस उन तक न पहुंच सके. बाइक चलाते समय वे चेहरा ढककर रखते थे.
25 अक्टूबर को राजेश झाला, उसका बेटा राज और इंदौर का सफान खान बस से रायपुर आए थे. सफान ने ही स्टोर की रेकी कर उसे चिन्हित किया था. इसके बाद जोरा मॉल के पास से बाइक चुराकर महाराष्ट्र के साकोली के जंगल में छिपा दी और इंदौर लौट गए.
31 अक्टूबर की दोपहर तीनों बस से साकोली पहुंचे, जंगल से बाइक निकाली और रात में रायपुर आकर वारदात को अंजाम दिया. भागते समय उन्होंने मौधा के पास कुल्हान नदी पुल के नीचे बाइक छिपाई, डीवीआर नदी में फेंका और बस पकड़कर इंदौर भाग गए.
विदेश भागने से पहले मुंबई एयरपोर्ट से दबोचा गया सफान
चोरी किए गए सभी आईफोन इंदौर निवासी सफान खान (35) को खपाने के लिए दिए गए थे. सफान पूर्व में भी जयपुर एप्पल स्टोर चोरी केस में राजेश झाला के साथ जेल जा चुका है. राजेश की गिरफ्तारी की भनक लगते ही सफान फरार हो गया. इंदौर में एसआई सतीश पुरिया के नेतृत्व में डटी 12 सदस्यीय टीम ने जब सफान के नेटवर्क पर दबाव (प्रेशर टैक्टिक्स) बनाया, तो उसकी लोकेशन मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनल एयरपोर्ट के पास मिली. पुलिस ने तत्काल समन्वय स्थापित कर विदेश भागने से ठीक पहले सफान को दबोच लिया.
बांग्लादेश और नेपाल में खपाने की थी तैयारी
सफान खान की निशानदेही पर मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से 125 नग आईफोन (अनुमानित कीमत 1.50 करोड़ रुपए) बरामद कर लिए गए हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सफान कंजर गिरोह के जरिए देशभर के महंगे आईफोन स्टोर्स में चोरी करवाता था और इन मोबाइलों को बांग्लादेश व नेपाल में खपाने की फिराक में था. पुलिस ने सफान को ट्रांजिट रिमांड पर लिया है, जबकि राजेश झाला पुलिस रिमांड पर है.
कौन गिरफ्तार-कौन फरार ?
गिरफ्तार आरोपी:
- राजेश अजय सिंह झाला (43), पिता अजय सिंह झाला, निवासी टोंककला, थाना टोंकखुर्द, जिला देवास (मध्यप्रदेश).
- सफान खान (35), पिता अनवर खान, निवासी जिला बड़वानी (मध्यप्रदेश).
फरार आरोपी:
- राज झाला, पिता राजेश झाला, निवासी टोंककला, थाना टोंकखुर्द, जिला देवास (मध्यप्रदेश).
- राजेश लोधी, निवासी टोंककला, थाना टोंकखुर्द, जिला देवास (मध्यप्रदेश).
