Vistaar NEWS

नंदकुमार साय के कूल्हे की हड्डी का सफल ऑपरेशन, अस्पताल ने जारी किया हेल्थ बुलेटिन

raipur-nandkumar-sai-successful-hip-surgery-balaji-hospital-health-bulletin

रायपुर. छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेता और पूर्व सांसद नंदकुमार साय के कूल्हे की हड्डी का बुधवार को मोवा स्थित बालाजी अस्पताल में सफल ऑपरेशन किया गया. गुरुवार को अस्पताल प्रबंधन ने हेल्थ बुलेटिन जारी कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी दी. अस्पताल के चेयरमैन डॉ. देवेंद्र नायक ने बताया कि नंदकुमार साय का ऑपरेशन सफल रहा है और वे पूरी तरह स्वस्थ हैं.

अस्पताल में ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. लुनिक यदु के नेतृत्व में ऑपरेशन किया गया. सर्जरी के दौरान डॉ. अर्चित वर्मा और डॉ. वीरेंद्र झा सहित निश्चेतना विभाग की डॉ. रीमा की टीम मौजूद रही. चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है.

इससे पहले नंदकुमार साय के चोटिल होने की जानकारी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी थी. मुख्यमंत्री ने बताया था कि दो दिन पहले फिसलकर गिरने से उनके पैर में चोट आई थी. इसके बाद उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर प्रवास के दौरान नंदकुमार साय के निवास पहुंचे थे और उनका हालचाल जाना था. इसके बाद उन्हें सड़क मार्ग से लंबी यात्रा की परेशानी से बचाने के लिए मुख्यमंत्री अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लेकर आए थे. बेहतर उपचार के लिए उन्हें बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

इधर, पत्थलगांव विधायक गोमती साय भी अस्पताल पहुंचीं और नंदकुमार साय से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली.

Exit mobile version