Raipur News: रायपुर. सिविल लाइन थाना पुलिस ने पॉम रेसीडेंसी खंडहर, साईं नगर में घेराबंदी कर तीन युवकों को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 6.33 ग्राम हेरोइन, बिक्री की रकम, मोबाइल फोन और मोपेड समेत कुल 1.43 लाख रुपए का सामान जब्त किया है. आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है.
पुलिस के अनुसार 13 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पॉम रेसीडेंसी खंडहर में तीन युवक हेरोइन लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं. इसके बाद पीएसआई उमेद कुमार, आरक्षक संतोष गोयल, वीरेंद्र गायकवाड़, सोनेन्द्र टेंडी तथा गवाह मोहम्मद ईरफान और तरुण जगत को साथ लेकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घेराबंदी कर मुखबिर द्वारा बताए हुलिए के तीन युवकों को पकड़ा. पूछताछ में उनकी पहचान आयुष दुबे (28), अदनान खान (22) और अब्दुल रेहान के रूप में हुई.
तलाशी के दौरान अदनान खान के पास सफेद पॉलिथीन में भूरे रंग का ठोस पदार्थ मिला. तौल कराने पर इसका वजन 4.34 ग्राम पाया गया, जिसकी कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई गई. उसके कब्जे से बिक्री की नगदी 3 हजार रुपए, आईफोन-13 और डीआईओ मोपेड भी जब्त की गई. जब्त सामान की कुल कीमत 83 हजार रुपए आंकी गई है.
इसी तरह अब्दुल रेहान के पास पीली पॉलिथीन में भूरे रंग का पदार्थ मिला. पॉलिथीन हटाकर इसका वजन 1.99 ग्राम निकला, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई. उसके पास से वनप्लस मोबाइल भी जब्त किया गया. इस सामान की कुल कीमत 30 हजार रुपए बताई गई है.
तीसरे आरोपी आयुष दुबे के कब्जे से 10 हजार रुपए नकद और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए. इनमें वीवो वाई-28 और वीवो वी-20 शामिल हैं. दोनों मोबाइल की कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है.
पुलिस ने तीनों आरोपियों से नशीला पदार्थ रखने और उसकी बिक्री के संबंध में पूछताछ की. आरोपियों से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन उन्होंने कोई दस्तावेज नहीं होना बताया. बरामद पदार्थ की पहचान गवाहों से कराई गई और पुलिस के अनुभव के आधार पर उसे हेरोइन (चिट्टा) पाया गया. इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से वजन करने के बाद सभी जब्ती कार्रवाई पूरी की गई.
पुलिस ने हेरोइन, नकदी, मोबाइल और मोपेड समेत कुल 1 लाख 43 हजार रुपए का सामान जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Raipur: बॉयफ्रेंड ने शादीशुदा गर्लफ्रेंड को बीच रोड पर जिंदा जलाया, जांच में जुटी पुलिस
