Vistaar NEWS

Raipur: ट्रेन में सफर करने वालों को झटका, खाने की थाली 30-35% तक हो सकती हैं महंगी

Raipur

ट्रेन में सफर करने वालों को झटका

Raipur: भारतीय रेलवे की नई कैटरिंग पॉलिसी लागू होने के बाद ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को भोजन के लिए पहले से अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है. सूत्रों के मुताबिक, रेलवे बोर्ड ने भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) को भोजन की कीमतों में बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति दे दी है. यदि यह प्रस्ताव लागू होता है तो ट्रेनों में मिलने वाली खाने की थाली 30 से 35 प्रतिशत तक महंगी हो सकती है.

ट्रेन में खाने की थाली तक हो सकती हैं महंगी

जानकारी के अनुसार, वर्तमान में सामान्य शाकाहारी और अन्य भोजन थालियां 80 से 90 रुपए के बीच उपलब्ध हैं. नई व्यवस्था लागू होने के बाद इन्हीं थालियों की कीमत बढ़कर 110 से 120 रुपए तक पहुंच सकती है. रेलवे का मानना है कि बढ़ती परिचालन लागत, बेहतर गुणवत्ता और नई कैटरिंग व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दरों में संशोधन आवश्यक है.

पेंट्री कारों को चरणबद्ध तरीके से हटाने की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, रेलवे ट्रेनों से पेंट्री कारों को धीरे-धीरे हटाने की योजना पर काम कर रहा है. इसके पीछे सबसे बड़ा कारण सुरक्षा बताया जा रहा है। चलती ट्रेन में खाना पकाने के दौरान आग लगने की आशंका बनी रहती है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है. कई बार पेंट्री कारों में आग लगने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं. ऐसे में रेलवे अब भोजन तैयार करने की व्यवस्था ट्रेनों के बाहर स्थापित आधुनिक रसोईघरों में स्थानांतरित करना चाहता है.

ई-कैटरिंग और क्लस्टर बेस किचन पर रहेगा पूरा फोकस

नई नीति के तहत ट्रेनों में भोजन की आपूर्ति पूरी तरह ई-कैटरिंग और क्लस्टर बेस किचन के माध्यम से किए जाने की तैयारी है. क्लस्टर बेस किचन रेलवे स्टेशनों के पास स्थापित बड़े और आधुनिक रसोईघर होंगे, जहां स्वच्छ और मानक गुणवत्ता के अनुरूप भोजन तैयार किया जाएगा। इसके बाद भोजन को निर्धारित समय पर संबंधित ट्रेनों तक पहुंचाया जाएगा.

इसके अलावा ई-कैटरिंग सेवा का भी विस्तार किया जाएगा। यात्री अपने पीएनआर नंबर के माध्यम से ऑनलाइन भोजन बुक कर सकेंगे और यात्रा के दौरान निर्धारित स्टेशन पर उनका ऑर्डर सीधे सीट तक पहुंचाया जाएगा. रेलवे का मानना है कि इससे यात्रियों को अधिक विकल्प, बेहतर गुणवत्ता और समय पर भोजन उपलब्ध कराया जा सकेगा.

यात्रियों पर बढ़ेगा खर्च

हालांकि नई व्यवस्था से सेवा की गुणवत्ता में सुधार होने की संभावना है, लेकिन इसका सीधा असर यात्रियों की जेब पर पड़ेगा। यदि प्रस्तावित मूल्य वृद्धि लागू होती है तो ट्रेन में भोजन करने वाले यात्रियों को प्रत्येक थाली पर 20 से 30 रुपए तक अतिरिक्त खर्च करना पड़ सकता है. लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह खर्च और अधिक महसूस होगा.

ये भी पढ़ें- Raipur: आधी रात बर्थडे पार्टी में हंगामा, पुलिस से धक्का-मुक्की, 4 युवक और 3 युवतियां गिरफ्तार

आधिकारिक घोषणा का इंतजार

फिलहाल भोजन की कीमतों में बढ़ोतरी और नई कैटरिंग पॉलिसी को लेकर रेलवे या आईआरसीटीसी की ओर से कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है. सूत्रों के अनुसार, नीति के अंतिम स्वरूप को मंजूरी मिलने के बाद ही नई दरें और नई व्यवस्था लागू की जाएगी. ऐसे में यात्रियों को रेलवे की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा.

Exit mobile version