CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नवा रायपुर स्थित सेंध लेक क्रिकेट स्टेडियम क्षेत्र में 1 और 2 नवंबर को भारतीय वायुसेना की एरोबेटिक टीम सारंग का रोमांचक एयर शो आयोजित किया जाएगा. आसमान में वायुसेना के हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतब देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है.
ऐसे में कार्यक्रम स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए अहम होगा. इसे देखते हुए जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है. इसके तहत अलग-अलग जिलों से आने वाले दर्शकों के लिए तीन प्रवेश मार्ग निर्धारित किए गए हैं. साथ ही वाहनों की पार्किंग के लिए भी अलग-अलग स्थान तय किए गए हैं.
आरंग, महासमुंद और बिलासपुर के दर्शकों के लिए यह होगा रूट
आरंग, खरोरा, महासमुंद, बलौदाबाजार और बिलासपुर की ओर से आने वाले दर्शकों को सेरीखेड़ी-नवागांव मार्ग से प्रवेश करना होगा. इस रास्ते पर वाहन उमरिया से होते हुए नवागांव रेलवे क्रॉसिंग पार करेंगे और क्रिकेट स्टेडियम टर्निंग तक पहुंचेंगे. इस मार्ग से आने वाले वाहनों को स्टेडियम के नजदीक पी-7 से पी-10 तक निर्धारित चार पार्किंग स्थलों में खड़ा कराया जाएगा.
रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव से आने वाले यहां पहुंचें
रायपुर शहर, धरसींवा, दुर्ग, बालोद, खैरागढ़ और राजनांदगांव से आने वाले लोगों के लिए अलग रूट तय किया गया है. इन क्षेत्रों के वाहन फुंडहर चौक, जैनम तिराहा, सेरीखेड़ी और एयरपोर्ट टर्निंग से आगे बढ़ेंगे. इसके बाद क्रिकेट स्टेडियम और सेक्टर-22 टर्निंग होते हुए कबीर चौक पहुंचना होगा. यहां से अविनाश उपवन टर्निंग के रास्ते सेंध तालाब की ओर जाना होगा. इस रूट से आने वाले दर्शकों के वाहनों के लिए पी-1 से पी-6 तक छह पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं.
धमतरी, गरियाबंद और कांकेर के लिए निर्धारित मार्ग
धमतरी, गरियाबंद, कांकेर, राजिम और अभनपुर की दिशा से आने वाले दर्शकों को माना-तूता मार्ग से सेक्टर-22 टर्निंग तक पहुंचना होगा. यहां से झांकी और उपरवारा मार्ग होते हुए कबीर चौक और फिर अविनाश उपवन टर्निंग के रास्ते निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचा जा सकेगा. प्रशासन ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए मार्ग तय किए हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान यातायात का दबाव नियंत्रित रखा जा सके.
पार्किंग के लिए बनाए गए अलग-अलग जोन
एयर शो में आने वाले दर्शकों को पार्किंग के लिए परेशानी न हो, इसके लिए सभी पार्किंग स्थलों को प्रवेश मार्गों के अनुसार बांटा गया है. सेरीखेड़ी-नवागांव मार्ग से आने वाले वाहनों को स्टेडियम के पास पी-7 से पी-10 तक जगह मिलेगी. वहीं, अन्य निर्धारित मार्गों से आने वाले वाहनों को पी-1 से पी-6 तक के पार्किंग जोन में खड़ा कराया जाएगा. प्रशासन का प्रयास है कि दर्शकों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने और वापस लौटने में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.
ये भी पढे़ं- छत्तीसगढ़ के 25वें राज्योत्सव पर वायुसेना का शक्ति प्रदर्शन, 2 नवंबर को सेंध लेक के ऊपर होगा भव्य एयर शो
