छत्तीसगढ़ के 25वें राज्योत्सव पर वायुसेना का शक्ति प्रदर्शन, 2 नवंबर को सेंध लेक के ऊपर होगा भव्य एयर शो
रायपुर एयर शो
Chhattisgarh Rajyotsav Air Show: छत्तीसगढ़ का 25वां राज्योत्सव इस बार बेहद खास होने वाला है. राज्योत्सव के मुख्य आयोजन के दौरान नवा रायपुर के आसमान में भारतीय वायुसेना की मशहूर सारंग एयरोबेटिक टीम हैरतअंगेज हवाई करतब दिखाएगी. इस भव्य एयर शो के चलते रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर 2 नवंबर को सवा घंटे तक सभी उड़ानें बंद रहेंगी.
सेंध लेक के ऊपर होगा आयोजन
जानकारी के अनुसार, यह एयर शो 2 नवंबर को नवा रायपुर स्थित सेंध जलाशय के ऊपर आयोजित किया जाएगा. सुबह 10 बजकर 40 मिनट से दोपहर 12 बजे तक एयरपोर्ट से किसी भी विमान की आवाजाही नहीं होगी. इस दौरान नवा रायपुर के हवाई क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर अन्य सभी तरह की उड़ानों, जिसमें ड्रोन भी शामिल हैं, पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी.
क्या है सारंग टीम?
सारंग भारतीय वायुसेना की हेलीकॉप्टर एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम है. यह टीम चार स्वदेशी ध्रुव (ALH) हेलीकॉप्टरों के साथ हवा में ऐसे करतब दिखाती है, जिसे देखकर हर कोई दंग रह जाता है. हवा में एक-दूसरे को क्रॉस करना, दिल का आकार बनाना और बेहद करीब उड़ान भरना इस टीम की खासियत है. राज्योत्सव में यह शो आकर्षण का मुख्य केंद्र होगा.
फ्लाइट्स के समय में होगा बदलाव
एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, सवा घंटे के लिए रनवे बंद रहने से दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद से आने-जाने वाली कुछ फ्लाइट्स के समय में बदलाव किया गया है. खासकर दिल्ली रूट की फ्लाइट्स प्रभावित होंगी. एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें, ताकि किसी तरह की असुविधा न हो.एयर शो से एक दिन पहले यानी 1 नवंबर को इसका फुल रिहर्सल भी किया जाएगा. रिहर्सल के दौरान भी कुछ समय के लिए हवाई प्रतिबंध लागू किया जा सकता है.