CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को रायपुर में दाऊदी बोहरा समुदाय के प्रमुख परमपावन सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब से भेंट की. उन्होंने सैयदना साहब का छत्तीसगढ़ में स्वागत किया और राज्य के विकास में दाऊदी बोहरा समुदाय के योगदान की सराहना की.
बोहरा समुदाय के योगदान की सराहना
मुख्यमंत्री ने राज्य के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में दाऊदी बोहरा समुदाय के सकारात्मक योगदान की प्रशंसा की. उन्होंने रायपुर में बोहरा परिवारों की लंबे समय से मौजूदगी तथा शहर के व्यापारिक क्षेत्र और व्यापक सामाजिक जीवन में उनकी सक्रिय भूमिका का उल्लेख किया.
FMB रसोइयों की मुख्यमंत्री ने की तारीफ
मुख्यमंत्री ने समुदाय की फैज़ अल-मवाइद अल-बुरहानियाह (FMB) सामुदायिक रसोइयों की भी सराहना की, जिनके माध्यम से विश्वभर में दाऊदी बोहरा परिवारों को प्रतिदिन भोजन उपलब्ध कराया जाता है. उन्होंने बच्चों द्वारा तकनीक के जिम्मेदार उपयोग को लेकर सैयदना साहब के मार्गदर्शन का भी स्वागत किया, जिसमें बच्चों को स्मार्टफोन के हानिकारक प्रभावों से बचाने पर विशेष जोर दिया गया है.
आदिवासी बच्चों की शिक्षा के लिए योगदान
सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब ने अपनी यात्रा के दौरान उन्हें, उनके परिवार और समुदाय के सदस्यों को प्रदान किए गए आतिथ्य के लिए मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार व्यक्त किया. उन्होंने राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास एवं जनकल्याण के प्रयासों की भी सराहना की.
सैयदना साहब ने राज्य के आदिवासी बच्चों की शिक्षा एवं कल्याण के लिए एक राशि का योगदान भी दिया. बैठक में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, सैयदना साहब के साथ आए वरिष्ठ सदस्य तथा स्थानीय दाऊदी बोहरा समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
दस साल बाद छत्तीसगढ़ पहुंचे सैयदना साहब
सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब एक दशक के अंतराल के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ की यात्रा पर हैं. रायपुर के बाद वे बिलासपुर, तखतपुर और भाटापारा का दौरा कर दाऊदी बोहरा समुदाय के सदस्यों से मुलाकात करेंगे.
