CG News: नेपाल में छत्तीसगढ़ के दो नागरिक अब भी लापता हैं. इसे लेकर सीएम विष्णुदेव साय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं. इसके बाद राज्य सरकार नेपाल में मौजूद राज्य के लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है. अब तक प्रदेश के 9 लोगों की खबर सामने आई है. अफसरों के मुताबिक दो नागरिकों के परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्या कहा?
मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नेपाल में बाढ़ की वजह से भारी तबाही आई हुई है. इस हादसे की वजह से जिन लोगों की मौत हुई है, उनके प्रति संवेदना और दुख प्रकट करते हैं. उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है. टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया है. इस त्रासदी से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी नागरिक ले सकते हैं.
रायपुर के 5 नागरिक छत्तीसगढ़ लौट रहे
राहत भरी खबर सामने आई है. राज्य के 5 नागरिक सुरक्षित हैं और नेपाल से वापस छत्तीसगढ़ लौट रहे हैं. ये सभी रायपुर के बताए जा रहे हैं. राजधानी रायपुर में रहने वाली मोनिका यादव के परिजनों से अफसरों ने संपर्क कर लिया है. उनकी स्थिति के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. वे 22 अगस्त को नेपाल गई थीं. वहीं, बिलासपुर की मंजू राय चौधरी के परिजनों से भी संपर्क हो गया है.
ये भी पढ़ें: Inside Story: नेपाल आपदा का खौफनाक मंजर: चाय पीने रुके रायपुर के पांच लोगों की बची जान, 24 घंटे मलखू में फंसे
कौन-कौन अब भी लापता है?
बिलासपुर की प्रियंका चौधरी (39 साल) लापता बताई जा रही हैं. वे फिनलैंड में रहती हैं. सरगुजा की रहने वाली डॉ मीना गुप्ता से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है. राज्य सरकार के अधिकारी दोनों लापता नागरिकों की फैमिली से संपर्क स्थापित कर रहे हैं.
