Vistaar NEWS

रायपुर के इस होटल से रहस्यमय तरीके से गायब हुआ युवक, पिता ने लगाया गंभीर आरोप

Crime News Breaking - Webp

क्राइम न्यूज

रायपुर. बलौदाबाजार सिटी कोतवाली क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय अनिरूद्ध सराफ के रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित बालाजी राजस्थानी रेस्टोरेंट से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपराध कायम कर जांच शुरू कर दी है.

शिकायत के अनुसार अनिरूद्ध सराफ अपने दोस्त देवराज साहू के साथ काम करने रायपुर आया था. देवराज ने उसे पचपेड़ी नाका स्थित बालाजी राजस्थानी रेस्टोरेंट में काम पर लगवाया था. 9 अगस्त 2026 की सुबह करीब 10.20 बजे अनिरूद्ध ने अपने परिजनों को फोन कर बताया कि रेस्टोरेंट का मालिक उसे काम के सिलसिले में बिलासपुर भेज रहा है. परिजनों ने उसे घर आने के लिए कहा, लेकिन अनिरूद्ध ने किराये के लिए पैसे नहीं होने की बात कही. इसके बाद परिजनों ने किसी अन्य व्यक्ति के फोन-पे के माध्यम से 120 रुपए भेजे.

परिजन रात तक अनिरूद्ध के घर लौटने का इंतजार करते रहे, लेकिन वह नहीं पहुंचा. इसके बाद रेस्टोरेंट के कर्मचारियों से संपर्क करने पर बताया गया कि 9 अगस्त की रात करीब 11.15 बजे रेस्टोरेंट बंद करने के बाद अनिरूद्ध अंदर ही सो रहा था और बाहर से ताला लगा दिया गया था. अगली सुबह 10 अगस्त को रेस्टोरेंट खोलने पर अनिरूद्ध वहां नहीं मिला. कर्मचारियों ने बताया कि रेस्टोरेंट की एक खिड़की टूटी हुई थी और आशंका है कि अनिरूद्ध खिड़की तोड़कर बाहर चला गया.

परिजनों ने अनिरूद्ध के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला. पिता ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके बेटे को कहीं ले जाकर गुप्त रूप से छिपाकर रखा हो सकता है. उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई कर अनिरूद्ध की तलाश करने की मांग की है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध कायम कर लिया है. युवक के लापता होने की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है और उसके संबंध में संभावित ठिकानों एवं संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग कॉलेजों पर संकट, INC की सूची से बाहर होने के बाद मचा हड़कंप… देखें सूची


Exit mobile version