Vistaar NEWS

भारतीय महिला कबड्डी टीम को गोल्ड जिताने में छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी की बड़ी भूमिका, CM साय ने फोन पर दी बधाई

CM Vishnu Deo Sai

मुख्य मंत्री विष्णु देव साय

CM Sai Congratulate Sanju Devi: जापान के आइची-नगोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. भारत की इस ऐतिहासिक सफलता में छत्तीसगढ़ की बेटी और कोरबा जिले के केराकछार गांव की रहने वाली संजू देवी की भी अहम भूमिका रही. भारतीय टीम के गोल्ड मेडल जीतने पर पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है. इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के मुख्य मंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से फोन पर बात कर उन्हें इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.

CM साय ने फोन पर दी बधाई

मुख्य मंत्री विष्णु देव साय ने भारत और संजू देवी की गोल्डन उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा संजू ने अपने उत्कृष्ट खेल और दृढ़ संकल्प से छत्तीसगढ़ के साथ पूरे देश को गौरवान्वित किया है. उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी. बेटी संजू सहित पूरी भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्णिम सफलता की हार्दिक बधाई.

यह भी पढ़ें: Asian Games 2026: कबड्डी में भारतीय महिला टीम ने जीता गोल्ड, फाइनल में ईरान को 37-24 से हराया

फाइनल में संजू देवी ने किया शानदार प्रदर्शन

महिला कबड्डी इवेंट के फाइनल में भारत ने ईरान को 37-34 से मात देकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया. मुकाबले के पहले हाफ में भारत ने 22-16 की बढ़त हासिल कर ली थी. इसके बाद दूसरे हाफ में ईरान ने वापसी की कोशिश की लेकिन भारतीय बेटियों ने अपनी लीड नहीं जाने दी और मुकाबला अपने नाम कर लिया. भारत की इस जीत में संजू देवी का अहम योगदान रहा. उन्होंने शानदार रेड कर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई.

महिला कबड्डी वर्ल्ड कप में भी किया था शानदार प्रदर्शन

साल 2025 में खेले गए महिला कबड्डी वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम को खिताबी जीत दिलाने में भी संजू देवी ने अहम भूमिका निभाई थी. फाइनल मुकाबले में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था, जिसके लिए उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर चुना गया था. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बहतराई आवासीय बालिका कबड्डी अकादमी से ट्रेनिंग लेने के बाद संजू देवी ने भारत के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया. कोरबा जिले के एक छोटे से गांव से निकालकर भारतीय टीम तक पहुंचने की संजू देवी की यह कहानी प्रदेश और देश के युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी प्रेषणा है.

Exit mobile version