CG News: अंबिकापुर में कांग्रेस से निष्कासित बृहस्पति सिंह की पार्टी में वापसी की अटकलों के बीच पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने बड़ा बयान दिया है. बृहस्पति सिंह का नाम लिए बिना भगत ने कहा कि “जो जटिल थे, उन्हें भी कांग्रेस में वापस लाने पर अनुशासन समिति विचार करेगी.”
अमरजीत भगत ने बृहस्पति सिंह को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें धैर्य बनाए रखना चाहिए और बयानबाजी से बचना चाहिए. उन्होंने कहा कि बृहस्पति सिंह को कांग्रेस के झंडे के नीचे खड़ा रहना चाहिए. भगत ने कहा कि अनुशासन समिति पहले भी कई लोगों को कांग्रेस में वापस ला चुकी है और आगे भी ऐसे मामलों पर समिति विचार करेगी.
बृहस्पति सिंह को कांग्रेस से किया निष्कासित
दरअसल, पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के साथ अंदरूनी विवाद और सिंहदेव को लेकर की गई टिप्पणियों के बाद बृहस्पति सिंह को कांग्रेस से निष्कासित किया गया था. इसके अलावा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अजय तिर्की के खिलाफ काम करने के भी उन पर आरोप लगे थे.
अमरजीत भगत का बयान बना चर्चा का विषय
बृहस्पति सिंह की कांग्रेस में वापसी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अमरजीत भगत का ‘जटिल’ वाला बयान अब सियासी चर्चा का विषय बन गया है. बता दें कि पिछले दिनों कांग्रेस ने पार्टी से निष्कासित नेताओं को वापस पार्टी में लाया लेकिन बृहस्पति सिंह सहित दूसरे कई नामों पर सहमति नहीं बनी.
हालांकि बृहस्पति सिंह के नाम पर अनुशासन समिति की बैठक में कोई चर्चा तक नहीं हुई, इसके बाद से अब सवाल उठ रहा है कि क्या बृहस्पति सिंह को वापस पार्टी में लिया जाएगा या नहीं.
ये भी पढे़ं- Ambikapur: विजयादशमी महोत्सव को मिलेगा विराट स्वरूप, खुले मंच पर गूंजेगा संभाग स्तरीय रामचरितमानस
