Ambikapur: अंबिकापुर में बीजेपी नेता ने पटवारी-ऑपरेटर को लात-डंडे से पीटा, पटवारी संघ बोला- जुलूस निकाला जाए
Ambikapur: सरगुजा जिले में भू-माफिया का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. सरगुजा जिले के कंठी क्षेत्र के पटवारी के साथ भारतीय जनता पार्टी की नेता ने दिनदहाड़े मारपीट की. घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. जिसका वीडियो सोशल मीडिया में भी वायरल है. दूसरी तरफ पुलिस ने भाजपा नेता के खिलाफ केस दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है लेकिन इस घटना के बाद पटवारी आक्रोशित हैं और उन्होंने आज कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा और पटवारी ने मांग की है कि आरोपी पटवारी को गिरफ्तार करने के बाद उसका जुलूस निकाला जाए और कोर्ट में पेश किया जाए, क्योंकि वह जमीन माफिया है और दबंग किस्म का व्यक्ति है.
बीजेपी नेता ने पटवारी-ऑपरेटर को लात-डंडे से पीटा
भाजपा के आदिवासी मोर्चा दरिमा का मंडल अध्यक्ष जीतेन्द्र कुजूर ने पटवारी प्रकाश मंडल के साथ उसके दफ्तर में पहुंचकर मारपीट की. इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया. अब पटवारी आरोपी का जुलूस निकालने की मांग कर रहें हैं. इसे लेकर पटवारी आज कलेक्टर से मिले और उन्हें ज्ञापन भी सौंपा. पीड़ित पटवारी ने बताया कि आरोपी उनके दफ्तर में पहुंचा और रेवेन्यू इंस्पेक्टर का उनसे नंबर मांगा और उसके बाद पटवारी को रेवेन्यू इंस्पेक्टर से बात करने के लिए कहा लेकिन जब उसने बात करने से इनकार कर दिया तब उसके साथ उसने कुर्सी फेंक कर मारपीट की और फिर उसके बाद अपनी गाड़ी से चाकू निकाल कर मारने के लिए दौड़ाया.
इस दौरान पटवारियों ने कहा कि सरगुजा में जमीन माफिया का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. जमीन माफिया, जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों में हेरा फेरी कर रहे हैं. उसके बाद जमीन पर कब्जा कर अपने नाम कर ले रहे हैं और इस काम के लिए पटवारियो पर भी दबाव डाल रहें हैं. पटवारी ने इस दौरान यह भी कहा कि इस घटना के बाद खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं क्योंकि दिनदहाड़े पटवारी के साथ मारपीट हो रही है.