Vistaar NEWS

Ambikapur News: बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल से 9वीं के छात्र ने लगाई छलांग, हालत गंभीर

Birla Open Minds International School Ambikapur

अंबिकापुर का बिरला ओपन माइंड्स स्कूल

Ambikapur Birla Open Minds School Incident: अंबिकापुर शहर के सरगवां स्थित निजी बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में एक गंभीर घटना सामने आई है. यहां कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले एक छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया. घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर किया गया है. मामले में परिजनों की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने स्कूल से जुड़े चार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

दो दिन पहले हॉस्टल से भाग गया था छात्र

जानकारी के मुताबिक घायल छात्र बलरामपुर जिले के चलगली क्षेत्र का रहने वाला है. बताया जा रहा है कि छात्र हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था और इसी बात को लेकर वह दो दिन पहले हॉस्टल से भाग गया था. आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने उसे वापस लाकर फिर से हॉस्टल में रखा. परिजनों का आरोप है कि छात्र को कथित तौर पर हॉस्टल में कैद करके रखा गया था. इसी घटनाक्रम से नाराज होकर छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी.

असिस्टेंट डायरेक्टर समेत चार लोगों पर FIR

घटना के बाद छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह ने बताया कि, पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष और हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा समेत कुल चार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है. छात्र की देखरेख में क्रूरता से संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है. गांधीनगर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पहले भी विवादों में रहा है स्कूल

बिरला ओपन माइंड्स स्कूल इससे पहले भी विवादों को लेकर चर्चा में रहा है. पूर्व में एक छात्रा और शिक्षिका के बीच हुए विवाद के बाद स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे. अब हॉस्टल में छात्र के साथ हुई इस गंभीर घटना ने एक बार फिर स्कूल की व्यवस्था और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

फिलहाल घायल छात्र का बनारस में उपचार जारी है. पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों, हॉस्टल में छात्र को वापस लाने और उसके साथ कथित तौर पर किए गए व्यवहार की जांच कर रही है. जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Exit mobile version