Ambikapur: अंबिकापुर के चौपाटी के पास स्थित DHT केयर हॉस्पिटल इन दिनों अस्पताल की व्यवस्थाओं और आर्थिक लेन-देन को लेकर विवादों में है. जिला प्रशासन की ओर से अस्पताल प्रबंधन को कथित कमियों को लेकर नोटिस दिए जाने के बाद अब अस्पताल की करीब 65 लाख रुपये की राशि को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हैं.
DHT केयर हॉस्पिटल में 65 लाख रुपये का विवाद
मामले में अस्पताल के डॉक्टर अशोक टोप्पो ने फार्मासिस्ट एवं मैनेजिंग डायरेक्टर सुशील राय व नवीन द्विवेदी के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अस्पताल प्रबंधन से जुड़ी करीब 65 लाख रुपये की राशि निजी खाते में ली गई और उन्हें परेशान किया जा रहा है.
वहीं, आरोपों के बाद फार्मासिस्ट एवं मैनेजिंग डायरेक्टर सुशील राय ने इन आरोपों को गलत बताया है. उनका कहना है कि अस्पताल में पहले से कई कमियां थीं और इन कमियों को छिपाते हुए अस्पताल का संचालन किया जा रहा था. इसी वजह से जिला प्रशासन की ओर से अस्पताल प्रबंधन को नोटिस मिला था.
दोनों पक्षों ने की जांच की मांग
सुशील राय ने 65 लाख रुपये की राशि से जुड़े आरोपों को निराधार बताते हुए मामले से संबंधित दस्तावेज और कागजात जांच एजेंसी के समक्ष प्रस्तुत करने की बात कही है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है.
फिलहाल 65 लाख रुपये की राशि को लेकर लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस शिकायत के आधार पर मामले में दस्तावेजों और आर्थिक लेन-देन की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
ये भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ः दो पैग पीने के बाद गले में लपेटा सांप, Snake Byte के बाद अस्पताल पहुंचा… फिर हुआ फरार
