Ambikapur News: अंबिकापुर से बड़ी खबर सामने आ रही है. गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे के साथ मारपीट और उनकी निजी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई है.गाड़ी को साइड देने के मामूली विवाद में कुछ उपद्रवी युवकों ने तैश में आकर डीएसपी पर हमला कर दिया.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार यह घटना अंबिकापुर शहर के मणिपुर थाना इलाके के जगदीशपुर में हुई है. गणेश विसर्जन जुलूस निकल रहा था. इसी दौरान प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे अपनी निजी गाड़ी से वहां से गुजर रहे थे.गाड़ी को साइड देने को लेकर कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने डीएसपी के साथ मारपीट शुरू कर दी और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी.
बताया जा रहा है कि डीएसपी निशांत कुर्रे सरगुजा के दरिमा थाना में पोस्टेड हैं. घटना के बाद उन्होंने इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी. सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस टीम मौके पर पहुंची.पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
6 आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के वक्त कुछ युवक नशे की हालत में थे.फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच जारी है
