Vistaar NEWS

Surguja: सरगुजा में कबरा हाथी का आतंक, घर के अंदर सूंड डालकर व्यक्ति पर हमला करने की कोशिश

surguja

सरगुजा

Surguja Kabra Hathi: सरगुजा संभाग में आतंक का पर्याय बन चुके कबरा हाथी का एक खौफनाक CCTV फुटेज सामने आया है. सूरजपुर जिले के छतरपुर गांव में रिकॉर्ड हुए इस 29 सेकंड के वीडियो में हाथी एक घर के बेहद करीब पहुंचकर अंदर मौजूद व्यक्ति पर हमला करने की कोशिश करता नजर आ रहा है. हाथी ने घर के दरवाजे के भीतर अपनी सूंड तक डाल दी.

CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि सुबह करीब चार बजे कन्नी लाल जायसवाल घर से बाहर निकलते हैं. जैसे ही उनकी नजर सामने मौजूद हाथी पर पड़ती है, वे घबराकर अपनी जान बचाने के लिए तत्काल घर के भीतर भाग जाते हैं. इसके कुछ ही सेकंड बाद हाथी तेजी से उनके पीछे घर के दरवाजे तक पहुंच जाता है.

10 सेकंड में घर के दरवाजे तक पहुंचा हाथी

करीब 29 सेकंड के इस CCTV फुटेज में कबरा हाथी की आक्रामकता साफ दिखाई देती है. वीडियो में हाथी को व्यक्ति का पीछा करते हुए देखा जा सकता है. करीब 10 सेकंड के भीतर ही हाथी घर के दरवाजे तक पहुंच जाता है और अंदर व्यक्ति को तलाशने के लिए दरवाजे के भीतर सूंड डाल देता है. गनीमत रही कि व्यक्ति समय रहते घर के अंदर पहुंच गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था.

लोगों को देखकर दौड़ाकर हमला करने का आरोप

स्थानीय लोगों के मुताबिक कबरा हाथी बेहद आक्रामक हो चुका है और इंसानों को देखते ही उनका पीछा कर हमला करता है. बताया जा रहा है कि यह हाथी अब तक 12 लोगों की जान ले चुका है. इसके लगातार आक्रामक व्यवहार के कारण सरगुजा संभाग के कई इलाकों में ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.

हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग ने लिखा पत्र

कबरा हाथी के बढ़ते खतरे को देखते हुए वन विभाग की ओर से उसे बेहोश कर पकड़ने के लिए उच्च स्तर पर पत्र लिखा गया है. हालांकि, अभी तक इस संबंध में कोई अंतिम फैसला नहीं हो सका है. ऐसे में ग्रामीणों के बीच यह सवाल बना हुआ है कि लगातार बढ़ते खतरे के बीच कबरा हाथी को लेकर ठोस कार्रवाई कब होगी. ताजा CCTV फुटेज ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि अगर कबरा हाथी को जल्द नियंत्रित नहीं किया गया तो किसी बड़े जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.

Raipur: अडानी फैक्ट्री में बवाल, बिहार-छत्तीसगढ़ के मजदूरों में झड़प, TI समेत कई पुलिसकर्मी घायल

Exit mobile version