Vistaar NEWS

Ambikapur News: महीनों से लेट चल रही लोकल ट्रेनें, जनप्रतिनिधि नेता का फूटा गुस्सा, रेलवे को दे दी ये चेतावनी

ambikapur news

ambikapur news

Ambikapur News: अंबिकापुर से दुर्ग जाने वाली ट्रेन पिछले करीब तीन महीने से लगातार देरी से चल रही है. निर्धारित समय से रोजाना 2 से 3 घंटे की देरी से ट्रेन पहुंचने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. यात्रियों का आरोप है कि कोयला परिवहन के चलते मालगाड़ियों को प्राथमिकता दिए जाने से यात्री ट्रेन प्रभावित हो रही है.

सरगुजा से रायपुर और दुर्ग जाने वाली यह प्रमुख यात्री ट्रेन है. ट्रेन के लगातार लेट होने से यात्रियों की आगे की ट्रेनों की कनेक्टिविटी भी छूट रही है. यात्रियों का कहना है कि रेलवे प्रबंधन को कई बार शिकायत और पत्र के माध्यम से समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ है.

रेलवे परामर्शदात्री ने क्या बताया ?

रेलवे परामर्शदात्री समिति के सदस्य मुकेश तिवारी ने कहा कि यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे को ट्रेन के संचालन समय में सुधार करना चाहिए. मुकेश तिवारी ने आगे कहा है कि बिलासपुर रेल मंडल के तहत अंबिकापुर रेलवे स्टेशन आता है और बिलासपुर रेल मंडल सबसे अधिक कमाऊ रेल मंडल में शामिल है लेकिन इसके बाद भी इस रेल मंडल के तहत संचालित अधिकांश ट्रेन देरी से चल रही हैं. उन्होंने इस बात की भी आशंका जाहिर की है कि कागजों में रेलवे ट्रेनों का टाइम सही दिखाता है लेकिन वास्तविक रूप से ट्रेन देरी से चल रही हैं.

बीजेपी नेता ने भी जताई नाराजगी

बीजेपी नेता कैलाश मिश्रा ने भी ट्रेन की लेटलतीफी पर नाराजगी जताते हुए समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है. उन्होंने कहा है की ट्रेन देरी से चलने के कारण मरीज अस्पताल में समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं तो दूसरी तरफ स्टूडेंट को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई ऐसे परीक्षार्थी है जिनकी परीक्षा छूट जा रही है वही अंबिकापुर से ट्रेन के माध्यम से रायपुर पहुंचकर रायपुर से हवाई सेवा के माध्यम से देश के अलग-अलग कोने में जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि लोगों की फ्लाइट भी छूट जा रही है इसके कारण लोग अब सड़क माध्यम से रायपुर पहुंच रहे हैं.

आंदोलन की चेतावनी दी

यात्रियों का कहना है कि यदि ट्रेन को निर्धारित समय पर चलाना संभव नहीं है तो रेलवे कम से कम इसका समय ही बदल दे, ताकि यात्रियों को घंटों स्टेशन पर इंतजार न करना पड़े. समस्या का समाधान नहीं होने पर जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आंदोलन की चेतावनी दी है.

ये भी पढ़ेंः दिल्ली में भीषण सड़क हादसा, दो कारों की जोरदार टक्कर में AAP और BJP विधायक समेत 6 घायल

Exit mobile version