Vistaar NEWS

Ambikapur: फर्जी पट्टा बनाकर कोर्ट में आरोपियों की जमानत कराने वाला गिरोह बेनकाब, 7 गिरफ्तार

Ambikapur

अंबिकापुर

Ambikapur: सरगुजा पुलिस ने न्यायालय में फर्जी पट्टा और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए आरोपियों की जमानत कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने इस मामले में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 5 फर्जी किसान पट्टा, फर्जी आधार कार्ड, 6 मोबाइल फोन, एक होंडा एक्टिवा स्कूटी, लैपटॉप, दो प्रिंटर, कीबोर्ड और माउस बरामद किया गया है.

पुलिस ने क्या बताया ?

पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग न्यायालय परिसर में पट्टा पुस्तिका और आधार कार्ड के माध्यम से जरूरतमंद आरोपियों से संपर्क कर पैसे लेकर उनकी जमानत कराने का काम कर रहे हैं. सूचना को वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया, जिसके बाद डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देश पर कार्रवाई शुरू की गई.

कला केंद्र मैदान में पकड़े गए पांच आरोपी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने संदिग्धों की तलाश शुरू की. मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर पुलिस टीम कला केंद्र मैदान पहुंची, जहां चबूतरे के पास पांच संदिग्ध पुरुष और महिलाएं मिले.

पूछताछ में उनकी पहचान बुधराम गोंड, अजय मानिकपुरी उर्फ जयलाल, रामेश्वरी यादव, दशमेत गोंड और ममता पैकरा उर्फ बिलासो के रूप में हुई.

पुलिस ने जब फर्जी पट्टों के संबंध में पूछताछ की तो आरोपियों ने अपनी स्कूटी की डिक्की में दस्तावेज रखे होने की जानकारी दी. तलाशी के दौरान स्कूटी से 5 किसान पट्टा पुस्तिकाएं और एक आधार कार्ड बरामद हुआ. पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया पट्टा पुस्तिकाओं पर फर्जी सील और हस्ताक्षर संबंधी गड़बड़ियां मिलीं.

जरूरतमंद आरोपियों से लेते थे पैसे

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे इन फर्जी पट्टों के जरिए न्यायालय में जमानत कराने के लिए जरूरतमंद आरोपियों की तलाश करते थे और उनसे पैसे लेते थे. पुलिस के अनुसार, इस तरीके से कई लोगों की जमानत भी कराई जा चुकी थी. जांच के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर अंबिकापुर के पट्टा दलाल राज जायसवाल से फर्जी पट्टे मिलने की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने राज जायसवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की.

फर्जी पट्टा तैयार कराने वाले तक पहुंची पुलिस

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में बुधराम गोंड और राज जायसवाल ने शशिभूषण सिंह निवासी नवापारा, अंबिकापुर से फर्जी पट्टा तैयार कराने की बात बताई. इसके बाद पुलिस ने शशिभूषण सिंह को भी हिरासत में लिया. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने पूरे मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. इसके बाद सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया.

ये भी पढे़ं- सागर शराब कांड: चंद्रभान उर्फ चंदू राजा के घर पर चला बुलडोजर, 19 लोगों की हुई थी मौत

Exit mobile version