CG School Close: बलरामपुर: बलरामपुर जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही तेज बारिश और अतिवृष्टि के चलते जनजीवन प्रभावित है. लगातार बारिश और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए बलरामपुर- रामानुजगंज जिले के सभी सरकारी, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त स्कूल आज 2 सितंबर 2026 को एक दिन के लिए बंद रहेंगे.
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी ने 1 सितंबर की देर रात आदेश जारी किया है. आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जिले में हो रही अतिवृष्टि के कारण जनजीवन प्रभावित होने के साथ विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है. आदेश कलेक्टर की अनुमति से जारी किया गया है.
नदी-नाले उफान पर
जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं. कई ग्रामीण और सुदूर इलाकों में आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है. वहीं मौसम विभाग की ओर से भी जिले में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है.
लगातार बारिश के बीच कई सरकारी स्कूलों के भवन जर्जर स्थिति में हैं. ऐसे में बच्चों को स्कूल बुलाना सुरक्षा की दृष्टि से चुनौतीपूर्ण हो सकता है. बारिश की वजह से स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति भी कम हो रही थी.
सभी स्कूलों पर लागू होगा आदेश
जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश के मुताबिक सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालय 2 सितंबर को बंद रहेंगे. सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, प्राचार्यों एवं संस्था प्रमुखों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.अर्थात, बलरामपुर जिले में आज किसी भी सरकारी या निजी स्कूल में नियमित कक्षाएं संचालित नहीं होंगी. फिलहाल आदेश एक दिन के अवकाश के लिए जारी किया गया है.
ये भी पढ़ें: PM मोदी की किर्गिस्तान में पुतिन और जिनपिंग से मुलाकात, शहबाज शरीफ का रिएक्शन देख हर कोई हैरान
