Vistaar NEWS

CG News: तलाक के विवाद में खूनी साजिश! दामाद ने झारखंड से बुलाकर कराई ससुर की हत्या, दो गिरफ्तार

Son-in-law murders father-in-law.

दामाद ने की ससुर की हत्या

CG News: अंबिकापुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के रसूलपुर मोहल्ले में बुधवार सुबह हुई चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल 70 वर्षीय बशीरुद्दीन उर्फ लज्जू की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच में ससुर की हत्या की साजिश में उसके दामाद की भूमिका सामने आई है. पुलिस ने घटना के करीब दो घंटे के भीतर दामाद सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हुए थे वृद्ध

जानकारी के मुताबिक, रसूलपुर इलाके में बुधवार सुबह बशीरुद्दीन उर्फ लज्जू पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया था. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. चाकू शरीर के अंदर किडनी के हिस्से में लगने की बात सामने आई है. गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

बेटी से तलाक को लेकर था विवाद

प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, बशीरुद्दीन द्वारा अपनी बेटी का तलाक कराने से दामाद नाराज था. इसी विवाद के चलते दामाद द्वारा ससुर की हत्या की साजिश रचे जाने की बात सामने आई है. आरोप है कि दामाद ने झारखंड से बदमाशों को बुलाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिलाया.

झारखंड के पाकी से सुपारी लेकर पहुंचे थे आरोपी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी झारखंड के पाकी नामक स्थान से सुपारी लेकर अंबिकापुर पहुंचे थे।. आरोपियों ने रसूलपुर में वृद्ध पर चाकू से हमला किया, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया.

घटना के दो घंटे के भीतर दो गिरफ्तार

घटना के बाद सरगुजा पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब दो घंटे के भीतर दामाद सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही आरोपियों के फरार होने के रास्तों की भी जानकारी जुटा रही है.

पूरे संभाग में नाकाबंदी, पुलिस हाई अलर्ट पर

घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने पूरे संभाग में नाकाबंदी कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं. पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है. घटना की जानकारी पर खुद आईजी दीपक झा मौके पर पहुंचे थे.

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या की पूरी साजिश, सुपारी की रकम तथा वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है. पुलिस की जांच पूरी होने के बाद मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है.

ये भी पढे़ं- Ambikapur: नौकरी का झांसा देकर कराया जा रहा था देह व्यापार! नशे में न्यूड वीडियो बनवाने का भी दावा

Exit mobile version