बैकुण्ठपुर. सरगुजा वन वृत्त के मुख्य वन संरक्षक कार्यालय ने कोरिया वनमंडल के एक फॉरेस्ट गार्ड के खिलाफ की गई शिकायत की जांच रिपोर्ट अब तक प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई है.
मुख्य वन संरक्षक ने कोरिया वनमंडलाधिकारी को महत्वपूर्ण स्मरण पत्र जारी कर संबंधित मामले की जांच रिपोर्ट टीप स्पष्ट अभिमत के साथ तत्काल कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं. गत 14 अगस्त को जारी पत्र में ग्राम सोनपुर कला निवासी शमीम शाह पिता अली मोहम्मद फॉरेस्ट गार्ड के खिलाफ की गई शिकायत का उल्लेख है. पत्र के अनुसार संबंधित कर्मचारी की पदस्थापना 3 जनवरी 2024 से तेंदूपत्ता गोदाम सोनहत जिला कोरिया में बताई गई है. मामले में मुख्य वन संरक्षक कार्यालय द्वारा पूर्व में भी जांच रिपोर्ट मांगी गई थी.
वन मण्डलाधिकारी पत्र में संदर्भित पत्रों के अनुसार 30 जुलाई 2026, 20 जुलाई 2026 तथा 12 अगस्त 2026 को आवेदन पत्राचार हुआ. इसके अलावा कार्यालय पत्र क्रमांक 5785 दिनांक 15 जुलाई, 6063 दिनांक 27 जुलाई तथा 6182 दिनांक 3 अगस्त 2026 का भी उल्लेख किया गया है. पत्र में कहा गया है कि नगर निगम अंबिकापुर के महाराणा प्रताप वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद आलोक दुबे द्वारा की गई शिकायत से संबंधित जांच प्रतिवेदन मांगा गया था लेकिन बार-बार स्मरण पत्र जारी किए जाने के बावजूद रिपोर्ट अब तक अप्राप्त है.
मुख्य वन संरक्षक ने इसे कार्य के प्रति लापरवाही का विषय बताते हुए तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है. मुख्य वन संरक्षक ने निर्देश दिया है कि शिकायत प्रकरण की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए स्पष्ट एवं विस्तृत जांच प्रतिवेदन/टीप तथा अपना स्पष्ट अभिमत कार्यालय में प्रस्तुत किया जाए. साथ ही पत्र में विलंब के लिए संबंधित अधिकारी को जिम्मेदार ठहराते हुए जवाबदेही की बात कही गई है.
उल्लेखनीय है कि उक्त पूरा मामला फर्जी अंकसूची के आधार पर नाम बदलकर नौकरी करने का है. इस संबंध में शिकायकर्ता ने पूर्व में ही आवश्यक दस्तावेज जांच रिपोर्ट के साथ प्रस्तुत किया है जिसमें उल्लेख किया गया है कि उक्त कर्मी फर्जी ढंग से गलत अंक सूची के आधार पर नौकरी सालो से कर रहे है. बहरहाल इस मामले अब तक कोरिया वन मण्डलाधिकारी को कोई जबाव नहीं आ सका है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः CG फर्नीचर घोटालाः 67 लाख की हेराफेरी, 15 वर्षों बाद हुए गिरफ्तार
