हाथियों के आतंक: दर्जनों स्कूलों में छुट्टी, कुमकी को देखकर दूर भाग रहा कबरा, रेस्क्यू नाकाम, 

अंबिकापुर. सरगुजा जिले के उदयपुर वनपरिक्षेत्र में जंगली हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. हाथियों के विचरण और संभावित खतरे को देखते हुए सायर संकुल और सुखरी भंडार क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है.
Ambikapur Kabra Elephant Rescue Kumki

अंबिकापुर. सरगुजा जिले के उदयपुर वनपरिक्षेत्र में जंगली हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. हाथियों के विचरण और संभावित खतरे को देखते हुए सायर संकुल और सुखरी भंडार क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है. इधर, पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में विचरण कर रहे कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने का वन विभाग का अभियान लगातार दूसरे दिन भी सफल नहीं हो सका. तैमोर पिंगला अभ्यारण्य से बुलाए गए दो कुमकी हाथियों दुर्योधन और तीर्थराज की मदद से वन विभाग की टीम ने दिनभर मशक्कत की, लेकिन कबरा हाथी विशेषज्ञों के हाथ नहीं लगा.

 वन विभाग की टीम मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी प्रणय मिश्रा के नेतृत्व में ग्राम सायर में डेरा डालकर अभियान चला रही है. शुक्रवार देर शाम कबरा हाथी करीब ढाई महीने से उदयपुर क्षेत्र में विचरण कर रहे 17 सदस्यीय हाथियों के दल में शामिल हो गया था. रात में सायर बाजार से लगे जंगल में हाथियों के चिंघाड़ने और दौड़ने की आवाजें आती रहीं. इससे हाथियों के बीच वर्चस्व को लेकर संघर्ष होने की आशंका जताई गई. देर रात तक जारी हलचल से आसपास के गांवों में दहशत बनी रही.

सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों में छुट्टी

हाथियों की लगातार मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए एहतियाती कदम उठाए हैं. सायर संकुल और सुखरी भंडार क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है. जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा के मुताबिक क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी रहने तक सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों में छुट्टी के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने स्वयं संकुल केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए हैं. शिक्षा विभाग ने शाला प्रबंधन को इसकी सूचना देकर स्कूलों में अवकाश कराया है.

कुमकी हाथियों को देखकर दूर भाग रहा कबरा

वन विभाग ने कबरा हाथी को पकड़ने के लिए तैमोर पिंगला अभ्यारण्य से कुमकी हाथी दुर्योधन और तीर्थराज को बुलाया है. योजना के तहत इनकी मदद से कबरा को ट्रेंकुलाइज कर रेडियो कॉलर लगाया जाना है. हालांकि कुमकी हाथियों को देखकर कबरा दूर हट रहा है. शनिवार को जब विशेषज्ञ उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पहुंचे तो उनके पहुंचने से पहले ही वह 17 सदस्यीय दल को छोड़कर दूसरी ओर चला गया. शाम होने के कारण वन विभाग की टीम उसे दोबारा नहीं खोज सकी.

ग्रामीणों में कौतूहल के साथ डर

कबरा हाथी को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान को देखने बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगल के आसपास पहुंच रहे हैं. कुमकी हाथियों को देखने के लिए भी लोगों में उत्साह है. हालांकि जंगली हाथियों के झुंड की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों में भय भी बना हुआ है. वन विभाग का अमला लगातार लोगों को हाथियों से दूर रहने की समझाइश दे रहा है. गजराज वाहन और माइक के माध्यम से आसपास की बस्तियों में मुनादी कराकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है.

आज फिर शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान

शनिवार सुबह हाथियों का दल सुखरी भंडार के जंगल में उस स्थान के आसपास पहुंचा, जहां एक हथिनी की मौत हुई थी. दिनभर हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के बावजूद कबरा को ट्रेंकुलाइज करने का मौका नहीं मिल पाया. वन विभाग की टीम अलाव जलाकर और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए अनुकूल समय का इंतजार करती रही. अधिकारियों के मुताबिक रविवार को फिर कुमकी हाथियों की मदद से कबरा की ट्रेकिंग कर उसे ट्रेंकुलाइज करने का प्रयास किया जाएगा.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें