Vistaar NEWS

CG News: कपड़ों में छिपाकर हो रही थी 9 क्विंटल गांजे की तस्करी, 4.59 करोड़ का माल जब्त, 6 गिरफ्तार

cg news

सीजी न्यूज

CG News: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने दो पिकअप वाहनों से 9 क्विंटल 19 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 4 करोड़ 59 लाख रुपए आंकी गई है. गांजे को ओडिशा से मध्यप्रदेश के कटनी ले जाया जा रहा था. तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए गांजे के पैकेटों को कपड़ों के गट्ठों के बीच छिपा रखा था, लेकिन बॉर्डर पार करने से ठीक पहले पुलिस की चेकिंग में पूरा माल पकड़ा गया.

पुलिस लोगों ने 6 लोगों को किया गिरफ्तार

बताते चलें कि, इस मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है. यह पूरा मामला नागपुर चौकी क्षेत्र का है. जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे नागपुर चौकी के सामने पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान ओडिशा नंबर की दो पिकअप वाहन आते दिखे, जिनके नंबर OD 14 AA 3468 और OD 14 AL 9682 हैं. पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर जब तलाशी ली तो अंदर कपड़ों के बड़े-बड़े गट्ठर रखे हुए थे. जब गट्ठरों को हटाया गया तो नीचे प्लास्टिक के पैकेटों में भरा हुआ गांजा मिला. पैकेटों को बोरियों में भरकर बड़ी चालाकी से छिपाया गया था.

200 से अधिक पैकेट बरामद

नागपुर चौकी प्रभारी शेष नारायण सिंह ने बताया कि दोनों पिकअप से 200 से अधिक पैकेट बरामद हुए हैं, जिनका कुल वजन 9 क्विंटल 19 किलो है. बरामद गांजे की कीमत साढ़े चार करोड़ से ज्यादा है. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से माल लेकर कटनी जा रहे थे. गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं कटनी की रहने वाली हैं, जबकि चार पुरुष आरोपी ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के निवासी हैं.

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ओडिशा से गांजा लोड करने के बाद जशपुर के रास्ते सरगुजा सीमा में दाखिल हुए. इसके बाद नेशनल हाईवे 43 के जरिए सरगुजा के 5 थानों, सूरजपुर के 3 थानों और कोरिया जिले के 3 थाना क्षेत्रों को पार करते हुए नागपुर तक पहुंचे थे. मध्यप्रदेश की सीमा से कुछ किलोमीटर पहले ही उन्हें पकड़ लिया गया.

Ujjain: शाही मस्जिद हटाने पर बवाल, पथराव के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात, आंसू गैस के गोले दागे गए

Exit mobile version