CG News: बलरामपुर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बलरामपुर पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 109 किलो 235 ग्राम गांजा बरामद किया है. पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है. तस्करों ने गांजे को पिकअप वाहन के नीचे बनाए गए गुप्त चैंबर में छिपा रखा था.
पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग के बोलेरो पिकअप JH10AQ5144 से बड़ी मात्रा में गांजा उड़ीसा से बलरामपुर होते हुए बिहार ले जाया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संभावित मार्ग पर निगरानी बढ़ा दी.
पुलिस ने पिकअप को घेराबंदी कर रोका
24 सितंबर की मध्य रात्रि पुलिस ने अंबिकापुर की ओर से आ रहे संदिग्ध पिकअप को घेराबंदी कर रोका. तलाशी के दौरान वाहन के डाले के नीचे एक गुप्त चैंबरनुमा बॉक्स मिला. बॉक्स को खोलने पर उसमें 100 पैकेटों में गांजा छिपाकर रखा गया था। वजन करने पर कुल 109.235 किलो गांजा बरामद हुआ.
पुलिस ने गांजा और पिकअप वाहन जब्त कर मौके से योगीराज (29 वर्ष), पिता ऐशन शाह, निवासी ग्राम कतिकनार, थाना नवानगर, जिला बक्सर, बिहार को गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली बलरामपुर में अपराध दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(2)(ग) के तहत कार्रवाई की है. आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
अन्य लोगों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और तलाश की जा रही है. यह कार्रवाई आईजी सरगुजा दीपक कुमार झा, एसपी बलरामपुर वैभव बैंकर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में की गई. बलरामपुर जिले में इससे पहले भी पुलिस ने गांजा तस्करी के कई बड़े खेप को पकड़ा है.
इस पर सवाल हमेशा उठता है कि आखिर उड़ीसा से छत्तीसगढ़ प्रवेश करने के बाद गांजा तस्करों की गाड़ियों को दूसरे जिलों की पुलिस क्यों नहीं पकड़ पाती है और जब तस्कर बलरामपुर जिला में प्रवेश करते हैं. तब बलरामपुर जिले की पुलिस हर बार पकड़ लेती है. इसे बलरामपुर पुलिस की बड़ी सफलता और मुखबीरो के बीच तगड़ी पकड़ के रूप में देखा जा रहा है.
ये भी पढे़ं- CG News: ड्यूटी के दौरान नशे में धुत मिला कांस्टेबल, पुलिस की गाड़ी भी बुरी तरह ठोकी, निलंबित
