CG News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट में तेज बारिश के बाद घुनघुट्टा नदी का जलस्तर बढ़ गया. शनिवार शाम नदी पार करने की कोशिश कर रहे केरल के युवक-युवती बाइक समेत तेज बहाव में बह गए. युवती को स्थानीय व्यक्ति की मदद से बचा लिया गया, जबकि युवक लापता हो गया. रविवार सुबह उसका शव नदी किनारे करीब तीन किलोमीटर दूर मिला.
रायपुर में रहकर पढ़ाई कर रहे थे दोनों
केरल निवासी गौरी नंदन (22) और यदुकृष्ण (25) रायपुर में रहकर पढ़ाई कर रहे थे. दोनों घूमने के लिए मैनपाट पहुंचे थे. वे ट्रेन से अंबिकापुर आए और वहां से मैनपाट जाने के लिए बाइक किराए पर ली थी. शनिवार को इलाके में तेज बारिश के कारण घुनघुट्टा नदी का जलस्तर बढ़ गया था.
पुल के ऊपर से बह रहा था पानी
घटना शनिवार शाम करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है. दोनों कमलेश्वरपुर से टाइगर प्वाइंट की ओर जा रहे थे. रोपाखार में कैंप नंबर-2 के पास पुल के ऊपर से नदी का पानी तेज बहाव के साथ गुजर रहा था. इसके बावजूद यदुकृष्ण ने बाइक से पुल पार करने की कोशिश की.
तेज बहाव में बाइक समेत नदी में गिरे
पुल पार करते समय पानी के तेज बहाव ने बाइक का संतुलन बिगाड़ दिया. इसके बाद दोनों बाइक समेत नदी में जा गिरे. बहते समय उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई. शोर सुनकर आसपास के लोग नदी की ओर पहुंचे और बचाव की कोशिश शुरू की.
ग्रामीण ने रस्सी से युवती को बचाया
नदी के पास रहने वाले समशुद्दीन खान ने दोनों की आवाज सुनी और तुरंत रस्सी लेकर मौके पर पहुंचे. तब तक गौरी नंदन पानी के बहाव में करीब एक किलोमीटर दूर जा चुकी थी. समशुद्दीन ने कई बार उसकी ओर रस्सी फेंकी. आखिरकार युवती ने रस्सी पकड़ ली, जिसके बाद उसे खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
युवक का शव तीन किलोमीटर दूर मिला
यदुकृष्ण तेज बहाव में बह गया और शनिवार देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका. रविवार सुबह तलाश के दौरान उसका शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर नदी किनारे मिला. घटना कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र की है.
ये भी पढे़ं- CG News: मैनपाट में भारी बारिश के बाद घुनघुट्टा नदी उफान पर, घुमने आए स्टूडेंट बहे, युवती बची, युवक लापता
