दिल्ली के भारत मंडपम में गूंजेगी छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, 7 लोकनृत्यों से दिखेगी प्रदेश की विरासत

Chhattisgarh Rajya Diwas:मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज दिल्ली दौरा भी रहेगा. वे दोपहर 1:30 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे. शाम 6 बजे मुख्यमंत्री भारत मंडपम पहुंचेंगे और छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे.
cg news

दिल्ली का भारत मंडपम

Chhattisgarh Rajya Diwas: दिल्ली के भारत मंडपम में आज छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की गूंज सुनाई देगी. अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में आज छत्तीसगढ़ राज्य दिवस मनाया जाएगा. इस मौके पर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत राष्ट्रीय मंच पर देखने को मिलेगी, जिसमें देश-विदेश से आए दर्शक छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा से रूबरू होंगे. कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे.

शैम को होगा कार्यक्रम का आयोजन

शाम 5 बजे से भारत मंडपम के एम्फी थिएटर-01 में भव्य सांस्कृतिक आयोजन का शुभारंभ होगा. आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इस सांस्कृतिक संध्या में सात पारंपरिक लोकनृत्यों के जरिए छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया जाएगा. इनमें गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य की प्रस्तुति प्रमुख होगी.

ये सभी नृत्य छत्तीसगढ़ की पहचान हैं. गौर नृत्य बस्तर की आदिवासी परंपरा को दर्शाता है, तो गौरा-गौरी में शिव-पार्वती की आराधना की झलक मिलती है. भोजली में प्रकृति और फसल की पूजा का भाव है, राउत नाचा में यादव समाज की वीरता और परंपरा दिखती है, सुआ नृत्य में महिलाओं की मनभावन अभिव्यक्ति होती है, पंथी में सतनामी समाज की आध्यात्मिक चेतना और करमा में सामूहिक उल्लास देखने को मिलता है.

रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजेंगे कलाकार

कलाकारों की रंग-बिरंगी वेशभूषा, पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन और लयबद्ध प्रस्तुति कार्यक्रम को यादगार बनाएगी. इसके साथ ही दर्शक चित्रकोट जलप्रपात का 3D वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी ले सकेंगे. बस्तर के प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात को वर्चुअल माध्यम से देखना दर्शकों के लिए खास आकर्षण होगा. इससे छत्तीसगढ़ के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

सीएम साय भी होंगे शामिल

वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज दिल्ली दौरा भी रहेगा. वे दोपहर 1:30 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे. शाम 6 बजे मुख्यमंत्री भारत मंडपम पहुंचेंगे और छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दिल्ली में ही रात्रि विश्राम करेंगे.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें