Surajpur Double Murder: सूरजपुर. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां अज्ञात बदमाशों ने एक शिक्षिका और उसके नाबालिग बेटे की निर्मम हत्या कर दी. घटना जयनगर थाना क्षेत्र के विश्रामपुर इलाके की है. मां-बेटे की मौत की खबर के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
क्या है पूरा मामला ?
घटना का खुलासा शनिवार सुबह तब हुआ जब महावीरपुर गांव के पास नेशनल हाईवे-43 से सटे कच्चे रास्ते पर एक युवक की लाश पड़ी मिली. ग्रामीणों ने सुबह टहलते समय शव देखा तो पुलिस को सूचना दी. युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे. शुरू में पहचान न हो पाने के कारण पुलिस ने शव को विश्रामपुर मॉर्च्युरी में रखवा दिया था.
बाद में जांच में पता चला कि मृतक युवक विश्रामपुर के कार्मल कॉन्वेंट स्कूल का 12वीं का छात्र सुजल बरेट (18) है. जैसे ही उसकी पहचान हुई, पुलिस ने उसके परिवार का पता लगाना शुरू किया. इस दौरान सुजल की स्कूटी घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर एक पेट्रोल पंप के पास बेसहारा खड़ी मिली. इससे पुलिस को शक हुआ कि हत्या की कहानी सिर्फ सड़क किनारे शव मिलने तक सीमित नहीं है.
ताला तोड़ा तो अंदर मिला मां का शव
पुलिस टीम देर रात सुजल के किराए के घर पहुंची. घर के मुख्य द्वार पर ताला लगा हुआ था और उसकी मां रजनी बरेट का भी कोई अता-पता नहीं था. अनहोनी की आशंका पर पुलिस ने पड़ोसियों और परिचितों को बुलाकर घर का ताला तुड़वाया. अंदर घुसते ही बाथरूम में रजनी बरेट (40) का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला.
रजनी बेलटिकरी के शासकीय स्कूल में पदस्थ शिक्षिका थी. करीब 3 साल पहले पति से तलाक के बाद वह अपने इकलौते बेटे के साथ किराए के मकान में रह रही थी. मां और बेटे दोनों के शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया.
फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम जुटी
रात ज्यादा हो जाने के कारण पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया और दोनों शवों को वहीं छोड़ दिया. रविवार सुबह वरिष्ठ अधिकारियों के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है. डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है.पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि बदमाशों ने पहले घर के अंदर मां की हत्या की होगी और बेटे को किसी दूसरी जगह ले जाकर मार डाला. हत्या में धारदार हथियार के इस्तेमाल की आशंका है. हालांकि पुलिस अभी इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि हत्या कहां हुई और लाशें कहां से कहां ले जाई गईं.
जनप्रतिनिधि भी पहुंचे मौके पर
दोहरे हत्याकांड की जानकारी मिलते ही प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी और मंत्री प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की. एएसपी योगेश कुमार देवांगन के अनुसार, दोनों मृतक मां-बेटे मूल रूप से बालाघाट के निवासी थे. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हर पहलू पर जांच कर रही है.
