Amitabh Bachchan Birthday: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन 11 अक्टूबर को अपना 84वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास मौके पर उनके चाहने वाले उन्हें बधाइयां दे रहे हैं. वहीं टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के मंच पर बिग बी को ऐसा तोहफा मिला, जिसने उन्हें भवुक कर दिया. शो के दौरान अमिताभ बच्चन को उनकी मां तेजी बच्चन की आवाज सुनाई गई. इसे सुनकर वह कुछ पल के लिए शांत हो गए और मां से जुड़ी पुरानी यादों में खो गए.
मां की आवाज सुनकर नम हुईं अमिताभ की आंखें
अमिताभ बच्चन के जन्मदिन को खास बनाने के लिए KBC 18 के मेकर्स ने उनके लिए एक रिकॉर्डिंग तैयार की. इसमें उनके पिता और फेमस कवि हरिवंश राय बच्चन की कविता ‘रात आधी हो गई है’ उनकी मां तेजी बच्चन की आवाज में सुनाई गई.
रिकॉर्डिंग के साथ स्क्रीन पर अमिताभ बच्चन और उनकी मां की ब्लैक एंड व्हाइट फोटो भी दिखाई गई. मां की आवाज सुनते ही बिग बी भावुक हो गए. यह पल उनके लिए बहुत ज्यादा खास था, क्योंकि इससे उनकी मां की यादें फिर ताजा हा गईं.
मां से जुड़े किस्से भी किए शेयर
इस खास मौके पर अमिताभ बच्चन ने कहा कि यह उनकी मां की आवाज है और वह बाबूजी की कविता सुना रही हैं. उनकी प्रतिक्रिया से मां के प्रति उनका लगाव साफ नजर आया. शो में कुछ बच्चों ने भी अमिताभ बच्चन के सम्मान में प्रस्तुति दी. इस दौरान एक कलाकार ने कहा कि अमिताभ बच्चन सिर्फ सुपरस्टार, होस्ट या पिता ही नहीं, बल्कि पूरे भारत का इमोशन हैं. इस बात ने कार्यक्रम की और खास बना दिया.
84 साल की उम्र में भी लगातार एक्टिव हैं बिग बी
अमिताभ बच्चन के पिता हरिवंश राय बच्चन हिंदी साहित्य के प्रसिद्ध कवि थे, जबकि उनकी मां तेजी बच्चन सामाजिक कार्यों से जुड़ी थीं. अमिताभ ने अपने लंबे करियर में फिल्मों से लेकर टेलीविजन तक अपनी अलग पहचान बनाई है. 84 साल की उम्र में भी वह फिल्मो और ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के जरिए दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं. जन्मदिन पर उनके घर के बाहर भी फैंस की भीड़ जुटी.
