रणवीर सिंह एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर मचाएंगे गर्दा, आदित्य धर के साथ 2028 में इस अवतार में नजर आएंगे
रणवीर सिंह
Aditya Dhar Reunion: धुरंधर के बाद रणवीर सिंह और आदित्य धर की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाका करने की तैयारी में है. पहली फिल्म ने दर्शकों को खूब पसंद आई थी और दूसरी फिल्म ने भी कमाई के नए रिकॉर्ड बनाए थे. इस सफलता के बाद अब दोनों एक बिल्कुल नए और बड़े प्रोजेक्ट पर काम करने जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि यह फिल्म धुरंधर से बिल्कुल अलग होगा और इसे बहुत बड़े लेवल पर बनाया जाएगा. अगर सब कुछ सही रहा तो यह फिल्म 2028 में थिएटर में आ सकती है. फिलहाल इसको लेकर मेकर्स की तरफ से कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है.
अगले साल से शुरू होगा काम
खबरों के अनुसार, आदित्य धर काफी समय से अपने अगले प्रोजेक्ट की स्क्रिप्ट और तैयारी में लगे हुए हैं. उन्होंने इस फिल्म के लीड रोल के लिए रणवीर सिंह को एक बार फिर चुना है. चर्चा है कि अगले साल यानी 2027 में इस फिल्म का काम शुरू हो सकता है. अभी शूटिंग की सही तारीख सामने नहीं आई है. मेकर्स चाहते हैं कि फिल्म की तैयारी पूरी तरह से पक्की हो जाए, उसके बाद ही कास्ट और बाकी डिटेल को लेकर खुलासा किया जाए.
किस कहानी पर बनेगी फिल्म?
पहले अंदाजा लगाया जा रहा था कि दोनों धुरंधर के तीसरे पार्ट पर काम करेंगे. लेकिन अब नई जानकारी सामने आ रही है कि आदित्य धर एक ऐतिहासिक कहानी को पर्दे पर लाना चाहते हैं. कहा जा रहा है कि यह कहानी मौर्य साम्राज्य के संस्थापक चंद्रगुप्त मौर्य के जीवन पर आधारित हो सकती है. इस फिल्म में कई इंडस्ट्री के बड़े सितारों के जुड़ने की भी बात हो रही है. हालांकि फिल्म का नाम और पूरी कहानी को लेकर अभी कोई पक्की जानकारी नहीं मिली है.
फिलहाल दूसरी फिल्म में बिजी हैं रणवीर
इस समय रणवीर सिंह अपनी अपकमिंग फिल्म प्रलय के काम में व्यस्त हैं. यह एक जॉम्बी सर्वाइवल थ्रिलर है, जिसे जय मेहता डायरेक्ट कर रहे हैं. इसमें रणवीर के साथ कल्याणी प्रियदर्शन भी नजर आएंगी. इस फिल्म को तीन बड़े प्रोडक्शन हाउस मिलकर बना रहे हैं. रणवीर के इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के बाद ही नई फिल्म पर काम शुरू होने की उम्मीद है.



