मुंबई. एकता कपूर के किरदार पीढ़ियों से दर्शकों के परिवार का हिस्सा रहे हैं और उनकी कहानियों के ट्विस्ट पूरे घर को एक साथ टीवी के सामने बैठने की वजह देते आए हैं. अब ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ के समापन के बाद टेलीविजन की क्वीन स्टार प्लस पर एक नई कहानी लेकर आने की तैयारी में हैं. इस बार वे गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या की नई जोड़ी को पर्दे पर साथ ला रही हैं. हाल ही में जारी किए गए टीजर में दोनों बालाजी टेलीफिल्म्स के ऑफिस पहुंचते नजर आते हैं.
पैपराजी के सवालों पर दोनों मुस्कुराते तो हैं, लेकिन अपने नए प्रोजेक्ट का राज़ नहीं खोलते. वहीं, एकता ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाते हुए स्पष्ट कह दिया है, “सरप्राइज अभी बाकी हैं!”
अपने नए शो के बारे में एकता कपूर कहती हैं, “एक कहानी खत्म हुई है, लेकिन सरप्राइज अभी बाकी हैं! ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ के फिनाले के बाद हर कोई मुझसे पूछ रहा था, ‘एकता, अब आगे क्या?’ अब मैं दर्शकों को ज्यादा इंतज़ार कैसे करवाती. मुझे पता था कि अगली कहानी कुछ खास होनी चाहिए. ऐसी कहानी, जो लोगों का ध्यान खींचे, उनके दिल को छुए और उन्हें एक बार फिर अपने किरदारों से प्यार करने पर मजबूर कर दे. और इसकी शुरुआत गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या को साथ लाने से बेहतर भला कैसे हो सकती थी. दोनों को दर्शकों का बहुत प्यार मिला है और मैं काफी समय से उन्हें एक साथ पर्दे पर देखना चाहती थी. अब जब यह आखिरकार होने जा रहा है, तो मैं बहुत उत्साहित हूँ, थोड़ी घबराहट भी है. अभी से सोच रही हूं कि दोनों को साथ देखकर दर्शकों की क्या प्रतिक्रिया होगी.” (Ekta Kapoor New Star Plus Show)
एकता कपूर का कहना था कि , “टेलीविजन मेरे लिए हमेशा घर जैसा रहेगा. ऐसे किरदार रचने का एहसास ही अलग है, जो लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा बन जाते हैं. दर्शकों के साथ यही रिश्ता हर नई कहानी को लेकर मेरा उत्साह बनाए रखता है.”
उन्होंने कहा, “सालों से दर्शकों ने मेरे शोज़ को जो प्यार दिया है, वह मेरे लिए बहुत मायने रखता है. हर नई कहानी के साथ मेरी यही कोशिश रहती है कि उन्हें फिर कुछ ऐसा दूं, जिससे वे उतनी ही गहराई से जुड़ सकें. ‘क्योंकि’ ने दर्शकों को एक यादगार विदाई दी. अब वक्त है एक ऐसी नई शुरुआत का, जिससे उन्हें फिर प्यार हो जाए.”
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः रणबीर कपूर की ‘रामायण’ ने रिलीज से पहले मचाई धूम, एडवांस बुकिंग से कमाए करीब 5 करोड़ रुपये
