Enters Top 20 Contenders: इन दिनों दुनियाभर के सिनेमाघरों में सिर्फ रामायण फिल्म ही धूम मचा रही है. रणबीर कपूर की फिल्म देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों मे भी अपने शानदार विजुअल इफेक्ट्स की वजह से दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ 5 नवंबर 2026 को रिलीज हुई थी, इसलिए आज (26 नवंबर 2026) इसे रिलीज हुए 21 दिन हो गए हैं. अब इस फिल्म को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. खबरों के अनुसार, ‘रामायण’ ने 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर की विजुअल इफेक्ट्स कैटेगरी में टॉप 20 फिल्मों की लिस्ट में अपना नाम शामिल कर लिया है.
ऑस्कर की रेस में शामिल हुई रामायण
‘रामायण’ ने ऑस्कर की विजुअल इफेक्ट्स रेस में अपनी जगह बना ली है. वैरायटी की रिपोर्ट के अनुसार, एकेडमी ने 20 फिल्मों को अगले राउंड के लिए चुना है. इनमें ‘रामायण’ का नाम भी शामिल है.
अगर फिल्म आगे शॉर्टलिस्ट और फिर नॉमिनेशन तक पहुंचता है, तो यह भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी कामयाबी होगी. इस रेस में ‘रामायण’ का मुकाबला ‘द ओडिसी’, ‘ड्यून: पार्ट थ्री’, ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’, ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ और ‘सुपरगर्ल’ जैसी बड़ी हॉलीवुड फिल्मों से है.
ड्यून और मार्वल से होगी कड़ी टक्कर
‘रामायण’ के सामने सबसे बड़ी चुनौती ‘ड्यून’ सीरीज हो सकती है. इस सीरीज की पिछली दोनों फिल्मों ने विजुअल इफेक्ट्स में ऑस्कर जीता है. इसलिए ‘ड्यून: पार्ट थ्री’ को भी मजबूत दावेदार माना जा रहा है.
वहीं मार्वल की ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ और ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ भी रेस में हैं. मार्वल की 14 फिल्में पहले नॉमिनेशन तक पहुंच चुकी हैं, लेकिन ट्रॉफी नहीं जीत पाईं. नोलन की फिल्मों ने भी पहले इस कैटेगरी में ऑस्कर जीते हैं.
आरआरआर भी पहुंची थी टॉप 20 तक
‘रामायण’ से पहले ‘आरआरआर’ भी ऑस्कर की विजुअल इफेक्ट्स कैटेगरी में टॉप 20 तक पहुंची थी. हालांकि, वह फाइनल नॉमिनेशन तक नहीं जा पाई थी. इसके बावजूद ‘आरआरआर’ ने ‘नाटू नाटू’ गाने के लिए बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का ऑस्कर जीतकर इतिहास रची था.
ऑस्कर की अगली प्रोसेस कब होगी
- बता दें कि 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स की प्रक्रिया अगले महीने 7 दिसंबर से शुरू होगी, जो 11 दिसंबर तक चलेगी.
- वहीं 15 दिसंबर को एकेडमी ऑफिशियल शॉर्टलिस्ट जारी करेगी.
- खबरों के अनुसार, इस साल के ऑस्कर के फाइनल नॉमिनेशन का ऐलान 21 जनवरी 2027 को किया जाएगा.
