Baby Boy Dev Born: साउथ सिनेमा की फेमस एक्ट्रेस सामंथा रुथ प्रभु के घर खुशियों ने दस्तक दी है. अभिनेत्री मां बन गई हैं. उन्होंने अपने पहले बच्चे को जन्म दिया है. इस खुशखबरी को सामंथा ने सोशल मीडिया के जरिए फैंस के साथ शेयर किया है. इसके बाद से ही उन्हें और उनकी पति फिल्ममेकर राज निदिमोरु को लगातार बधाइयां मिल रही हैं.
सामंथा ने दिखाई बेटे की पहली झलक
सामंथा ने इंस्टाग्राम पर अपने बेटे की पहली फोटो पोस्ट की है. इस तस्वीर में बच्चे का चेहरा नजर नहीं आ रहा है, बल्कि उसकी नन्ही-नन्ही उंगलियां दिखई दे रही हैं. तस्वीर में सामंथा अपने बच्चे की छोटी उंगलियों को प्यार से थामे नजर आ रही हैं. इस प्यारी सी तस्वीर ने फैंस का दिल जीत लिया है.
एक्ट्रेस ने अपने बेटे का नाम भी बता दिया है. उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘हमारा प्यारा बेटा देव निदिमोरु, 19.11.2026. हमारे दिल इससे ज्यादा कभी खुश नहीं हुए. सामंथा और राज.’ इस पोस्ट के साथ उन्होंने नजर से बचाने वाली इमोजी भी लगाई है.
तमन्ना से अथिया तक सितारों ने दी बधाई
सामंथा की इस पोस्ट के सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों और फैंस ने उन्हें शुभकामनाएं देना शुरू कर दिया. तमन्ना भाटिया, हंसिका मोटवानी, संजना गणेशन, अथिया शेट्टी, रकुल प्रीत सिंह, कृति खरबंदा और निमृत कौर समेत कई सितारों ने कमेंट कर कपल को बधाई दी है. वहीं, एक्टर वरुण धवन ने भी इस खुशी के मौके पर उन्हें शुभकामनाएं दीं.
बच्चे के जन्म से पहले हुई थी पारंपरिक पूजा
बता दें कि बच्चे के जन्म से कुछ समय पहले सामंथा और राज ने अपने घर पर पारंपरिक पूजा का आयोजन किया था. इस दौरान मां और बच्चे की खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई थी. पूजा में मंत्रों का जाप और पारंपरिक रस्में भी निभाई गई थीं. कपल ने इस खास आयोजन की कुछ तस्वीरें और झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर की थीं. अब बेटे के जन्म के बाद उनके परिवार में खुशियों का माहौल है.
