Vistaar NEWS

आखिर क्यों अटकी है थलापति विजय की फिल्म ‘जन नायगन’? डायरेक्टर के बयान ने बढ़ाया सस्पेंस

Jana Nayagan

फिल्म जन नायगन

Jana Nayagan: थलपति विजय की फिल्म जन नायगन (हिंदी टाइटल- जन नेता) जनवरी में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब तक सिनेमाघरों में नहीं आ सकी है. तमिलनाडु चुनाव खत्म होने और विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद भी फिल्म CBFC की मंजूरी का इंतजार कर रही है. हाल ही में डायरेक्टर एच विनोद ने फिल्म की रिलीज को लेकर ऐसा रहस्यमयी बयान दिया, जिससे लगा कि इसके अटकने के पीछे कोई बड़ी वजह हो सकती है.

‘सच बताने की हिम्मत नहीं है’

हाल ही में फिल्म परिमला एंड कंपनी के प्रमोशनल कार्यक्रम के दौरान निर्देशक एच विनोद से उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म जन नायगन की रिलीज डेट को लेकर सवाल पूछा गया. एंकर ने कहा कि तमिलनाडु के लोग लंबे समय से यह जानना चाहते हैं कि फिल्म आखिर कब सिनेमाघरों में आएगी. इस सवाल पर विनोद ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि फिल्म की रिलीज उनके नियंत्रण में नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि वह पूरी सच्चाई बताने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं और अगर वह सच बता भी दें, तो शायद दूसरे लोग उसे सार्वजनिक करने की हिम्मत नहीं कर पाएंगे. उनके इस बयान ने फैंस के बीच नई चर्चाओं को जन्म दे दिया.

विनोद के बयान ने बढ़ाया सस्पेंस

एच विनोद के इस रहस्यमयी जवाब के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोग भी हैरान रह गए. उनके बयान पर मंच पर मौजूद दूसरे फिल्मी हस्तियां हंसने लगीं, लेकिन दर्शकों के मन में यह सवाल और गहरा हो गया कि आखिर फिल्म की रिलीज में देरी की असली वजह क्या है. सोशल मीडिया पर भी उनके बयान को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें-16 सालों बाद भारत छोड़कर दुबई शिफ्ट हुई एक्ट्रेस मंदाना करीमी, बोलीं- हालात सामान्य नहीं

फिल्म की रिलीज को लेकर लगातार चल रही अटकलें

पिछले कुछ महीनों से जन नायगन की रिलीज डेट को लेकर अलग-अलग तरह की खबरें सामने आती रही हैं. कुछ समय पहले टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म बुकमायशो पर फिल्म जून में रिलीज होने वाली फिल्मों की सूची में दिखाई दी थी. वहीं एक अन्य प्लेटफॉर्म पर इसकी संभावित रिलीज डेट 19 जून बताई गई. इन जानकारियों के बाद विजय के प्रशंसकों को उम्मीद थी कि एक्टर के जन्मदिन 22 जून के आसपास फिल्म सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है.

Exit mobile version